उत्तराखंड: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिया इस्तीफा, कहा- चुनाव परिणाम के दिन ही छोड़ना चाहता था पद

देहरादून : हाल में हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया । कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक पत्र में गोदियाल ने कहा,

‘ जैसा कि आप अवगत हैं कि विधानसभा चुनावों में आपके सहयोग तथा प्रदेश नेतृत्व की तमाम कोशिशें के बावजूद पार्टी को हार का सामना करना पडा है । अत: प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं अपने पद से त्यागपत्र देता हूं ।’

गोदियाल ने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के दिन ही वह पद से इस्तीफा देना चाहते थे लेकिन वह हाई कमान के आदेश का इंतजार कर रहे थे । बृहस्पतिवार को घोषित चुनाव परिणामों में कांग्रेस 70 में से केवल 19 सीटें ही जीत पायी जबकि भाजपा 47 सीटों पर विजय प्राप्त कर दोबारा सत्ता पर काबिज हो गयी ।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार को हार का सामना करने वाले पांचों प्रदेशों—उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोआ, पंजाब और मणिपुर के प्रदेश पार्टी अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा । विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन पर चर्चा के लिए बुलाई गयी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के दो दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है ।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!