गोवा विधान सभा चुनाव के लिए केजरीवाल ने लोगों को लुभाया : कहा – सत्ता मिली तो 80 फीसद नौकरियां स्थानीय लोगों को

पणजी : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि अगर 2022 के चुनाव में हमारी पार्टी गोवा में सत्ता में आई तो हम निजी क्षेत्र सहित 80 फीसदी नौकरियां, स्थानीय लोगों के लिए सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने खनन और पर्यटन उद्योगों के सामान्य होने तक इन उद्योगों पर निर्भर परिवारों को 5,000 रुपये मासिक पारिश्रमिक देने का भी आश्वासन दिया।

मापुसा शहर में पत्रकारों से बात करते हुए, केजरीवाल ने आगे कहा कि गोवा में हर परिवार के कम से कम एक बेरोजगार व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी। बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक 3,000 रुपये मासिक भत्ता भी मिलेगा। उल्लेखनीय है गोवा में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। वर्तमान में इस राज्य में भाजपा की सरकार है।

पिछले दो महीने में केजरीवाल की गोवा की यह दूसरी यात्रा है। जुलाई में अपने पहले दौरे में, उन्होंने गोवा में सत्ता में आने पर लोगों को प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, केजरीवाल ने एक अन्य वादे में कहा कि दिल्ली की तर्ज पर गोवा में एक कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी जहां युवाओं को कुशल बनाकर रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अगर आप, सत्ता में आती है तो योग्यता के आधार पर राज्य सरकार में नौकरी मिलेगी। गोवा की प्रमोद सावंत सरकार द्वारा शुरू की गई डोरस्टेप डिलीवरी सेवा का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इसी तरह की पहल दिल्ली सरकार द्वारा लागू की गई थी। हमारी योजना के अनुसार, सरकारी अधिकारी लोगों के दरवाजे पर जाते हैं। वहां लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने की जरूरत नहीं है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter