36वाँ राष्ट्रीय खेल : मलखम्ब के प्रणव और सिद्धि का 2 स्वर्ण पर कब्जा , शॉफ्ट टेनिस के जय मीणा ने गोल्ड पर लगाया शॉट

नई दिल्ली  : 36वें राष्ट्रीय खेलों में आज मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किये हैं। अब तक मध्यप्रदेश ने 19 स्वर्ण, 23 रजत और 17 कांस्य पदक के साथ कुल 59 मेडल जीते हैं। मध्यप्रदेश के प्रणव कोरी ने हैंगिंग मलखम्ब में स्वर्ण हासिल किया। इसी प्रकार पोल मलखम्ब में सिद्धि गुप्ता ने स्वर्ण पदक और रोप मलखम्ब में रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश के राजवीर पवार ने रोप मलखम्ब में रजत पदक जीता। मध्यप्रदेश के मलखम्ब खिलाड़ी चंद्रशेखर चौहान ने रोप और पोल मलखम्ब इवेंट में क्रमशः 1-1 कांस्य पदक हासिल किया।

मध्यप्रदेश के जय मीणा ने शॉफ्ट टेनिस मेन्स सिंगल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिलाओं के शॉफ्ट टेनिस सिंगल्स में मध्यप्रदेश की आध्या तिवारी ने रजत पदक जीता।

मध्यप्रदेश के कयाकिंग एवं कनोइंग खिलाड़ियों ने आज रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया। कनोइंग C2 500 मी महिलाओं के इवेंट में मध्यप्रदेश की कावेरी ढीमर और शिवानी वर्मा ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा कनोइंग K4 500मी में सुषमा वर्मा, दिमिता देवी, स्वाती साहू और दीपाली के ग्रुप ने रजत पदक हासिल किया। पुरूषों के K4 500मी. कनोइंग इवेंट में विशाल दांगी, अक्षित बरोई, रिमसन मरियमबाम और हिमांशु टंडन ने रजत पदक हासिल किया।

मध्यप्रदेश के वूशू खिलाड़ियों ने आज एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। दावशू गुनशू ऑलराउंड इवेंट में रोहित जाधव ने रजत पदक हासिल किया। मध्यप्रदेश की भूरक्षा दुबे ने जियानशू क्यांगशू इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter