Datia news : दतिया। सराफा कारोबारी के यहां से चोर लाखों का माल समेट ले गए। घटना थाने से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर घटित हुई। ऐसे में लोगों का कहना है कि थानों के आसपास भी चोरों को पुलिस को डर नहीं है। वहीं चोर अपनी पहचान छुपाने के लिए दुकान में लगे कैमरे तोड़ गए और अंदर रखा डीवीआर भी साथ में लेकर चलते बने।
पंडोखर में मंगलवार-बुधवार की रात बालाजी ज्वैलर्स पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब बारह से पंद्रह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेबरात पर हाथ साफ कर दिए।
साथ ही, वहां लगी एलइडी तोड़कर साक्ष्य मिटाते हुए सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए चार लाख रुपये की चोरी दर्ज की है। जहां चोरों ने वारदात की वहां पीड़ित का घर और दुकान दोनाें ही हैं।
घटना की जानकारी देते हुए बालाजी ज्वैलर्स के मालिक शशिकांत निवासी बड़ेरा सोपान के बड़े भाई मनोज सोनी ने बताया कि शशिकांत के साडू अमित सोनी निवासी पुरानी छावनी ग्वालियर अपनी पत्नी आरती के साथ पण्डोखर शशिकांत के पास आए थे।
इसी दरम्यान मंगलवार सुबह अमित को जानकारी लगी कि ग्राम सहाओ, जालौन उप्र निवासरत उनके मामा पंकज सोनी का निधन हो गया।
शशिकांत सपत्नीक अपने साडू अमित और उनकी पत्नी के साथ ममिया ससुर की गमी में चले गए। गमी में जाने के दौरान आरती ने करीब डेढ़ सौ ग्राम वजन के सोने के आभूषण शशिकांत के यहां ही दुकान में एक बैग में रख छोड़े।
दुकान में लगी टीवी तक तोड़ गए चोर : मंगलवार रात को ही वे वहां से लौटे और पण्डोखर न जाकर बड़ेरा सोपान रुक गए। यहां से बुधवार की सुबह जब ये सभी पण्डोखर स्थित घर पहुंचे तो यहां के हालात देखकर सभी के पैरों से जमीन खिसक गई।
यहां घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और चोरों ने दुकान में रखी करीब डेढ़ किलो चांदी की पाजेब और बिछिया सहित आरती के सोने के आभूषण और शशिकांत की पत्नी के आभूषणों पर न केवल हाथ साफ कर दिया।
साथ ही, कमरे में लगी टीवी जमीन पर पटक गए जो क्षतिग्रस्त हो गई। साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। कुछ नगदी भी चोर साथ ले गए। घटना की जानकारी पण्डोखर पुलिस को दी गई। चोर का पता लगाने स्निफर डोग बुलवाया गया। लेकिन वह भी चोर तक पहुंचने में विफल रहा।


