चीन के साथ अधिक संतुलित व्यापार के लिये निरंतर प्रयास कर रही है सरकार – गोयल

नई दिल्ली : वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत सरकार ने चीन के साथ अधिक संतुलित व्यापार करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं जिनमें चीन के साथ व्यापार मुद्दों का समाधान करने के लिए द्विपक्षीय भागीदारी शामिल है। लोकसभा में बुधवार को सुरेश नारायण धनोरकर के प्रश्न के लिखित में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने यह बात कही। सदस्य ने पूछा था कि क्या पिछले सात वर्षों में चीन से होने वाले आयात में वृद्धि हुई है।

इस पर गोयल ने बताया कि चीन से आयात 2014-15 में 60.41 अरब डॉलर से बढ़कर वर्ष 2020-21 में 65.21 अरब डॉलर हो गया है, जो 7.94 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। तथापि आयात वर्ष 2019-20 और 2020-21 के बीच स्थिर था।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 से पहले 7 वर्ष में चीन से आयात वर्ष 2006-07 में 17.47 अरब डॉलर से बढ़कर वर्ष 2013-14 में 51.03 अरब डॉलर हो गया जो 192 प्रतिशत की वृद्धि को दशाता है।

मंत्री ने बताया कि चीन से आयात की जाने वाली प्रमुख वस्तुएं दूरसंचार उपकरण, कम्प्यूटर हार्डवेयर, उवर्रक , इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, परियोजना के सामान, कार्बनिक रसायन, दवा, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, विद्युत मशीनरी आदि जैसे उत्पाद शामिल हैं। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि चीन को निर्यात 2014-15 में 11.93 अरब डॉलर से बढ़कर 2020-21 में 21.19 अरब डॉलर हो गया, जो वर्ष 2014-15 से 77.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि निर्यात में वृद्धि दर्शाने वाली वस्तुओं में इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, कार्बनिक एवं अकार्बनिक रसायन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सूती धागे, समुद्री उत्पाद, खनिज और अयस्क आदि शामिल हैं।

गोयल ने कहा कि भारत सरकार ने चीन के साथ अधिक संतुलित व्यापार करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं जिनमें चीन के साथ व्यापार मुद्दों का समाधान करने के लिए द्विपक्षीय भागीदारी शामिल है।

Written & Source By : P.T.I

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter