डबरा : नवग्रह शक्ति पीठ प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। नगर में निकली विशाल कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालु महिलाओं की भागीदारी ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। सिर पर मंगल कलश धारण किए मातृशक्ति के जनसैलाब ने डबरा को आस्था और ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ हुई कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नवग्रह शक्ति पीठ मंदिर पहुंची।यात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़े, रथ और खुले वाहनों में संतों की उपस्थिति ने दृश्य को अलौकिक बना दिया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत द्वारों से श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।
संतों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन : कलश यात्रा के उपरांत छतरपुर शनिधाम के पीठाधीश्वर दाती महाराज, बद्रीश महाराज, गुरुशरण शर्मा (पंडोखर सरकार), धूमेश्वर धाम के अनिरुद्ध वन महाराज, रविशंकर महाराज (रावतपुरा सरकार), महंत मां श्रद्धा पुरी, महंत मां दया पुरी और दूध खो महाराज सहित अनेक संतों का सम्मान किया गया। संतों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
भक्ति और मातृशक्ति का ऐतिहासिक संगम : पूरे आयोजन के दौरान डबरा नगरी में भक्ति और उत्साह का वातावरण रहा। कलश यात्रा में हजारों महिलाओं की भागीदारी ने इसे नारी शक्ति और सनातन परंपरा का अद्भुत उदाहरण बना दिया। नगरवासी श्रद्धा और उमंग के साथ आयोजन में शामिल नजर आए।

अफवाहों पर स्थिति स्पष्ट, एक महिला के निधन की पुष्टि : कलश यात्रा के दौरान कुछ समय के लिए भगदड़ की अफवाह जरूर फैली, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों और आयोजकों ने इसे पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में 15 से 20 हजार से अधिक महिलाएं शामिल थीं और इतनी बड़ी संख्या के बावजूद व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं, जिसके चलते डबरा की यह पहली विशाल कलश यात्रा संपन्न हो सकी।
इसी दौरान लगभग 55 वर्ष की एक महिला की मृत्यु की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार महिला पहले से ही सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं और भीड़ के बीच असहज महसूस करने के कारण वह अचानक बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं एक अन्य घटना में बताया गया कि एक महिला अपनी ही बेटी पर गिर गई, जिससे बेटी घायल हो गई।
इस घटना पर कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने गहरा दुख व्यक्त किया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए और स्वयं भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मृतक महिला के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता राशि से 4 लाख रुपये तथा नवग्रह ट्रस्ट की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही घायलों को 1 लाख रुपये तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।
20 फरवरी तक चलेगा धर्मकुंभ और कथा आयोजन : नवग्रह शक्ति पीठ प्राण-प्रतिष्ठा एवं धर्मकुंभ 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक चलेगा। 11 से 13 फरवरी तक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा, 14 से 16 फरवरी तक कुमार विश्वास की कथा और 17 से 20 फरवरी तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा होगी। रात्रिकालीन समय में वृंदावन की सर्वेश्वर लीला समिति द्वारा रासलीला का मंचन भी किया जाएगा।


