सालौन बी में आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच निकली भव्य कलश यात्रा, रावतपुरा सरकार हुए शामिल

दतिया। ग्राम सालौन बी बस स्टैंड स्थित मां भुवनेश्वरी मंदिर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में शामिल करीब 251 महिलाएं अपने सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाती चल रही थीं। कलश यात्रा में शामिल अश्व, बग्गी और डीजे आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान भजनों की धुन पर श्रद्धालुजन नृत्य करते चल रहे थे।

कलश यात्रा का गांव में कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कलश यात्रा में रावतपुरा सरकार संत रविशंकर विशेष रूप से मौजूद रहे। जो यात्रा के दौरान पूरे रास्ते पैदल चले। उनके साथ अन्य संत भी मौजूद रहे। गांव में हर दुकान व घर पर संत का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। संत रविशंकर ने भी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। संतों का समागम देख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

कलश यात्रा में शामिल हुए रावतपुरा सरकार संत रविशंकर

कलश यात्रा में शामिल अश्च सवारध्वज लेकर सबसे आगे चल रहे थे। यात्रा के दौरान ड्रान एवं फूल बरसाने वाली तोप की मदद से की जा रही पुष्पवर्षा और आतिशबाजी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। सह पारीक्षत राजकुमारी-रामस्वरुप गेंडा भागवत ग्रंथ सिर पर रखकर कलश यात्रा में साथ-साथ चल रहे थे।

कलश यात्रा में नवल दाऊ, राजेंद्र वर्मा, अशोक गुरेले, भगवान सिंह, राजेंद्र धाकड़, भूपेंद्र किरार, घनश्याम आड़तिया, जगदीश राजपूत, राममिलन शर्मा, जितेंद्र धाकड़, सतीश गेंडा, अरुण बिजपुरिया, मैथली बिलैया, मोहन बिलैया, रानू कुदरया, राधामोहन नगरिया, महेश गेंडा, पीआर कुशवाह सहित काफी संख्या में गणमान्य जन शामिल रहे।

राम नाम से कट जाते हैं बंधन – संत

कथा के प्रथम दिन मौजूद संत रविशंकर महाराज ने कहाकि कलयुग में सिर्फ रामनाम का स्मरण ही मनुष्य को मोह के बंधन से छुटकारा दिलाकर भवसागर से पार लगा सकता है। उन्होंने कहाकि राम नाम से मानव के सारे क्लेश व दुख कष्ट दूर हो सकते हैं। वहीं कथाव्यास पं. अष्टवक्र महाराज ने विधि विधान के साथ कथा का शुभारंभ करते हुए कहाकि अगर भगवान कृष्ण के दर्शन करने हैं तो भागवत कथा सुनने की जरुरत है। उन्होंने कहाकि ईश्वर भक्त के सभी अपराध माफ कर देते हैं। कथा धुंधकारी के प्रसंग को सुनाया गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter