इंदौर मेट्रो के नए चरण का भव्य शुभारंभ: ₹2,850 करोड़ से सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर तक दौड़ी मेट्रो

इंदौर/भोपाल। मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर के सार्वजनिक परिवहन को शनिवार को ऐतिहासिक गति मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर ₹2,850 करोड़ की लागत से तैयार इंदौर मेट्रो के विस्तारित कॉरिडोर (सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहा) का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही इंदौर में गांधी नगर से मालवीय चौराहे तक 17 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर 16 स्टेशनों के साथ पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

मालवा की लाइफलाइन बनेगी मेट्रो, 7.8% GDP से बढ़ा देश का मान: सीएम डॉ. यादव : समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो का विस्तार केवल सफर को आसान बनाना नहीं, बल्कि मालवा अंचल के आर्थिक विकास का नया अध्याय है। पहले चरण के सकारात्मक परिणामों के बाद अब मेट्रो शहर के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पीथमपुर और धार्मिक नगरी उज्जैन तक जोड़ा जाएगा।

​मुख्यमंत्री ने देश के आर्थिक सामर्थ्य का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका (लगभग 2%) और चीन (4%) की तुलना में भारत की 7.8 प्रतिशत की विकास दर देश की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने ₹18,500 करोड़ की लागत वाली इंदौर-मनमाड़ नई रेल परियोजना की चर्चा करते हुए बताया कि इसके बनने से इंदौर से मुंबई के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा और यात्रियों को गुजरात होकर नहीं जाना पड़ेगा।

मेट्रो नेटवर्क में अमेरिका को पीछे छोड़ दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंचेगा भारत: मनोहर लाल : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2014 तक देश के केवल 5 शहरों में 245 किमी मेट्रो नेटवर्क था, जो आज 26 शहरों में बढ़कर करीब 1,170 किमी तक पहुंच चुका है। भारत जल्द ही मेट्रो नेटवर्क के मामले में अमेरिका को पछाड़कर विश्व का दूसरा सबसे बड़ा देश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने नए 11 किमी कॉरिडोर के जुड़ने को शहर के व्यापारियों, छात्रों और कर्मचारियों के लिए वरदान बताया, जिससे एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और प्रमुख व्यापारिक केंद्र सीधे जुड़ रहे हैं।

शहर की सुंदरता बचाने के लिए भूमिगत होगी एमजी रोड लाइन: कैलाश विजयवर्गीय : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने परियोजना के विजन को साझा करते हुए कहा कि इंदौर मेट्रो का मूल लक्ष्य शहर का विकेंद्रीकरण करना है। आगामी 10 से 15 वर्षों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार महू, पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र, देवास, मक्सी और उज्जैन तक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सौंदर्य और पहचान को सुरक्षित रखने के लिए एमजी रोड जैसे घने व प्रमुख इलाकों में मेट्रो को पिलर के बजाय अंडरग्राउंड (भूमिगत) बनाया जाएगा, भले ही इसके लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो।

समारोह में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित : कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला (गोलू शुक्ला), मालिनी गौड़, मधु वर्मा, उषा ठाकुर सहित मप्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter