अयोध्या बायपास ट्रुबा कॉलेज से पलासी तक बनेगी 2.5 किलोमीटर सड़क : करोड़ों की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन

भोपाल : चिकित्सा शिक्षा मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 75 और 44 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन कर कहा कि नरेला में निरन्तर विकास से मूलभूत सुविधाओं में वृद्धि के साथ जनता की समस्याओं का निराकरण भी हो रहा है। क्षेत्रवासियों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिये क्षेत्र में सड़कों का जाल निरंतर बढ़ रहा है।

अयोध्या बायपास ट्रुबा कॉलेज से पलासी तक बनेगी 2.5 किलोमीटर सड़कमंत्री सारंग ने कहा कि वार्ड 75 अंतर्गत अयोध्या बायपास ट्रुबा कॉलेज से पलासी तक लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही पलासी के आंतरिक मार्गों का नवीनीकरण भी किया जा रहा है। इन सड़कों के निर्माण से वार्ड 75 के राजनगर, गोकुलधाम, एकता सांईधाम, बड़बई, पलासी सहित आस-पास के इलाकों के रहवासियों को आवागमन में सुगमता होगी। मंत्री श्री सारंग ने वार्ड 44 में ओल्ड सुभाष नगर में सड़कों के डामरीकरण कार्य का भी भूमि-पूजन किया।

नरेला में अविरल बह रही विकास की गंगा : मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा में किये गये विकास कार्यों और क्षेत्र की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पहले नरेला क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित था, वहीं आज वहाँ सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं जो निरंतर जारी है। नरेला को पेयजल संकट से मुक्ति दिलाते हुए करोड़ों की लागत से नर्मदा लाइन बिछाई गई है। इससे आज हर घर नर्मदा जल पहुँच रहा है। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि करोड़ों की लागत से सड़कों का जाल, 3-3 सीएम राइज स्कूल, शासकीय कॉलेज, खेल मैदान, थीम पार्क सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात रहवासियों को मिली है।

यहाँ होंगे विकास कार्य

मंत्री श्री सारंग ने वार्ड 75 में लगभग 5 करोड़ 30 लाख रूपये की लागत से अयोध्या बायपास ट्रुबा कॉलेज से पलासी सहित विभिन्न आंतरिक मार्गों का निर्माण तथा वार्ड 44 अंतर्गत ओल्ड सुभाष नगर में लगभग 80 लाख रूपये की लागत से विभिन्न बैंक लेन (ऑपचैक) का निर्माण और ओल्ड सुभाष नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 19 लाख रूपये की लागत से डामरीकारण कार्य का भूमि-पूजन किया। मंत्री सारंग पर रहवासियों ने पुष्प-वर्षा की और उनका भव्य आतिशबाजी के साथ विकास कार्यों के लिये आभार माना।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!