गाड़ी छूने पर गार्ड को धुना : महिला ट्यूटर ने जड़े थप्पड़, प्राचार्य को भी दे डाली जान से मारने की धमकी

Datia news : दतिया। जेएनएम कालेज की महिला ट्यूटर ने वहां तैनात गार्ड को महज इस बात पर थप्पड़ जड़ दिए कि उसने ट्यूटर की परिसर में खड़ी स्कूटी को छुआ था। यह विवाद इतना तूल पकड़ गया कि महिला ट्यूटर कालेज की प्राचार्य से भी भिड़ गई और उन्हें भी जान से मारने की धमकी दे डाली। इस बात की शिकायत प्राचार्य ने पत्र लिखकर कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से की है।

गार्ड द्वारा सिस्टर ट्यूटर की स्कूटी छू लेने का विवाद इतना बढ़ा कि महिला ट्यूटर ने गार्ड को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसे खींचते हुए कालेज प्राचार्य के कक्ष तक ले गई। जहां प्राचार्य ने महिला ट्यूटर को समझाने की कोशिश की तो उसका प्राचार्य के साथ भी मुंहवाद और धक्का मुक्की हो गई।

मामला इतना गरमा गया कि जीएनएम कालेज की प्राचार्य लता शर्मा ने खुद की जान को खतरा होने की बात कहते हुए सुरक्षा के लिए एक शिकायती आवेदन सीएमएचओ डा.कुरेले को भेजा है। वहीं मारपीट के शिकार हुए गार्ड ने भी इस मामले की शिकायत की है। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज बुधवार को दिन भर वायरल होते रहे।

प्राचार्य ने लगाई सुरक्षा की गुहार : जानकारी के अनुसार जीएनएम कालेज की सिस्टर ट्यूटर संगीता श्रीवास्तव की कालेज परिसर में खड़ी स्कूटी को आउटसोर्स गार्ड आशिक यादव छू रहा था। जब इस बात की जानकारी संगीता को लगी तो वह परिसर में पहुंची और गार्ड को थप्पड़ मारती हुई प्राचार्य के कक्ष तक ले आई।

गार्ड को थप्पड़ मारने का फुटेज भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वहीं इस घटना को लेकर कालेज प्राचार्य लता शर्मा ने भी एक शिकायती आवेदन सीएमएचओ सहित कलेक्टर,एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है।

जिसमें उल्लेख है कि कालेज की सिस्टर ट्यूटर संगीता श्रीवास्तव ने गार्ड के साथ प्राचार्य कक्ष में मारपीट की और रोकने पर प्राचार्य को भी जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का मुक्की कर दी। इससे पूर्व भी संगीता श्रीवास्तव पर प्राचार्य ने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter