धाकड़ दूध डेयरी पर हुई छापामार कार्रवाई, दूध, मावा के सैंपल लिए

सैंपल में केमिकल मिला होने की आशंका
दूध विक्रय स्थल पर मिली भारी गंदगी

इंदरगढ़ । नगर के शीतला गंज में संचालित धाकड़ दूध डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान डेयरी से दूध सहित दुग्ध निर्मित पदार्थों के पांच सैंपल लिए गए। जिनमें प्रथम दृष्टया केमिकल जैसा पदार्थ मिला होने की आशंका के चलते सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इस कार्रवाई के बाद अन्य दूध डेयरी संचालकों में हडकंप दिखाई दिया।

शुक्रवार को तहसीलदार सुनील भदोरिया के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम ने अपनी टीम के साथ दोपहर 3 बजे धाकड़ दूध डेयरी पहुंचकर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान विभाग की टीम ने दूध डेयरी से खाली रिफाइंड टिन और 1 किलो मावा, 50 लीटर दूध, एक पैकेट केमिकल पाउडर, एक टिन क्रीम जप्त कर उसके सैंपल मौके से लिए । इन सभी सैंपलों को जांच के लिए भेजा जाएगा। टीम को अचानक देखकर डेयरी संचालक रामसिंह धाकड़ एवं स्टाफ मौके से भाग खड़ा हुआ। इधर डेयरी पर कार्रवाई होती देख अन्य डेयरी संचालकों में हडकंप मच गया। कुछ ने इस दौरान दुकान बंद कर निकल जाने में ही अपनी भलाई समझी। डेयरी से लिए गए सैंपल में मिलावट नजर आई है। जिसे लेकर सतर्कता दिखाते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपल जांच के लिए भिजवाने की तैयारी कर ली है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम ने बताया कि दूध डेयरी पर जहां दूध विक्रय और अन्य सामग्री बनाने का कार्य किया जा रहा था, वहां काफी गंदगी थी। इसके साथ ही पांच सैंपल लिए गए हैं जिनमें केमिकल जैसा पदार्थ नजर आया है। जो मानव शरीर के लिए घातक होता है। इन सैंपल की जांच कराई जा रही है। इस कार्रवाई में आरआई अशोक कुमार गौतम, पटवारी रामखिलावन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter