“अग्निवीर” लिखित परीक्षा 15 जनवरी को, अभ्यर्थियों के लिए दिशा निर्देश जारी

ग्वालियर :  केछावनी क्षेत्र मुरार स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में 15 जनवरी को अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा होगी। सेना भर्ती अधिकारियों, जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम द्वारा परीक्षा को सुव्यवस्थित कराने के लिये व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। अग्निवीर भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों के लिये विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे परीक्षा के दौरान दिशा-निर्देशों और आदेशों का पालन करें, अन्यथा उनकी उम्मीदवारी रद्द हो सकती है।

सेना अधिकारियों के अनुसार अभ्यर्थियों को 15 जनवरी को सुबह 4 बजे से परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया जायेगा। अभ्यर्थी को अपना एडमिट कार्ड एवं आधारकार्ड साथ में रखना होगा। आसान पहचान के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपनी दाढ़ी मुड़वाकर आना होगा।

हर अभ्यर्थी को बायोमैट्रिक विवरण के साथ स्वयं को सत्यापित करना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी बायोमैट्रिक सत्यापन के बगैर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने की कोशिश करेगा, तो उसकी उम्मीदवारी स्वत: रद्द कर दी जायेगी। सम्पूर्ण परीक्षा केन्द्र परिसर सीसीटीव्ही नेटवर्क के दायरे में होगा, इसलिए कोई भी उम्मीदवार परीक्षा केन्द्र के अंदर किताब, नोट्स, लिखित सामग्री, मोबाइल फोन और कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नहीं आएँ। उम्मीदवार अपने साथ परीक्षा केन्द्र के अंदर केवल एक खाली क्लिप बोर्ड और पेन लेकर आ सकेंगे। क्लिपबोर्ड पर कोई मार्किंग पायी जाने पर उसे जब्त कर लिया जायेगा।

अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में सिटिंग प्लान के अनुसार ही बैठेंगे। सिटिंग प्लान केन्द्र के बाहर फ्लैक्स बोर्ड पर प्रदर्शित किया जायेगा। परीक्षा केन्द्र में प्रतिरूपण या अनुचित साधनों के उपयोग करने के किसी भी प्रयास से उम्मीदवारी रद्द हो सकती है।

परीक्षा केन्द्र के 300 मीटर के दायरे में उम्मीदवार के किसी भी रिश्तेदार या मित्र को आने की अनुमति नहीं दी जायेगी। रिश्तेदारों एवं मित्रों के अच्छे आचरण की जिम्मेदारी संबंधित उम्मीदवार की होगी। उम्मीदवारों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपेक्षा की गई है, उन्हें अपने साथ एन-95 मास्क और सेनेटाइजर लेकर आना चाहिए। परीक्षा परिसर में मास्क पहनना अनिवार्य होगा।

विभिन्न जिलों से आयेंगे अभ्यर्थी अग्निवीर की लिखित परीक्षा देने : आर्मी पब्लिक स्कूल मुरार में 15 जनवरी को होने जा रही अग्निवीरों की परीक्षा में ग्वालियर जिले के 223 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके अलावा भिण्ड जिले से 498, मुरैना से 681, श्योपुर से 237, शिवपुरी से 229, दतिया से 85, अशोकनगर के 25, छतरपुर के 75, दमोह के 50, निवाड़ी के 36, पन्ना के 40, सागर के 237 और टीकमगढ़ जिले से 72 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!