दतिया | शहर में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं ने शहर की शांति भंग कर दी और लोगों में दहशत का माहौल बना दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इन वारदातों के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई है।
पहली घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे पंडा की नारिया गोंडा मोहल्ले में हुई। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय निवासी अपने घर पर मौजूद था, तभी दो युवक वहां पहुंचे और विवाद के दौरान गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोप है कि एक युवक ने अवैध हथियार से हवाई फायर कर दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।
वहीं दूसरी घटना चूनगर फाटक क्षेत्र के वार्ड क्रमांक तीन में सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इसके साथ ही पत्थरबाजी भी की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और कुछ समय के लिए अपने घरों में ही बंद रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम दोनों स्थानों पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए गश्त बढ़ा दी गई है।
लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

