‘मंच से कहा था टिकट किसी और को मिलेगा’, अब कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने खुद खरीदा नामांकन फॉर्म; बढ़ी सियासी हलचल

दतिया | विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक द्वारा नामांकन फॉर्म खरीदे जाने के बाद जिले की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले आयोजित कांग्रेस के महा सम्मेलन में अवधेश नायक ने सार्वजनिक मंच से कहा था कि “टिकट किसी और को मिलेगा। मुझे पिछली बार मिला था, लेकिन मेरा टिकट क्यों कटा, यह सब जानते हैं। जिसे भी कांग्रेस टिकट देगी, हम उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।” ऐसे में उनके द्वारा नामांकन फॉर्म लेने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

दूसरे दिन तीन लोगों ने लिया नामांकन फॉर्म : मंगलवार को कांग्रेस नेता अवधेश नायक के अलावा हरदास बघेल (इंदरगढ़) और रामसिंह बघेल ने भी नामांकन फॉर्म प्राप्त किया। इसके साथ ही दो दिनों में कुल पांच नामांकन फॉर्म जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, नामांकन फॉर्म खरीदना चुनाव लड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जाता और अंतिम फैसला संबंधित दलों की टिकट घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

पहले दिन इन संभावित प्रत्याशियों ने खरीदा था फॉर्म : नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संभावित प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव और केशव सिंह यादव के नाम से फॉर्म खरीदे गए थे। हालांकि पार्टी ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।

हाल ही में कांग्रेस ने किया था महा सम्मेलन  : उपचुनाव की तैयारियों को लेकर हाल ही में कांग्रेस ने दतिया में एक बड़ा महा सम्मेलन आयोजित किया था। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन की तैयारियों और संभावित प्रत्याशी को लेकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। इसी कार्यक्रम में अवधेश नायक ने मंच से टिकट को लेकर अपना बयान दिया था, जिसके बाद अब उनके नामांकन फॉर्म खरीदने को लेकर अलग-अलग राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।

आरओ कार्यालय से जारी है नामांकन प्रक्रिया : विधानसभा उपचुनाव के लिए तहसील कार्यालय स्थित रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) कार्यालय से नामांकन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। प्रत्याशी यहीं से नामांकन फॉर्म प्राप्त कर रहे हैं और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नामांकन पत्र जमा करेंगे। प्रशासनिक स्तर पर चुनावी तैयारियों और व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त : नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए तहसील कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, राजस्व एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से वैकल्पिक प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी निगाहें : दतिया विधानसभा उपचुनाव में अभी तक कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया के बीच नेताओं की सक्रियता और बदलते राजनीतिक संकेत चुनावी माहौल को लगातार गर्मा रहे हैं। अब सभी की नजरें प्रमुख दलों की टिकट घोषणा पर टिकी हैं, जिसके बाद मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter