असम के तालाब में दोबारा गिरे आधा दर्जन हाथी, भोजन और पानी की तलाश में भटकने के दौरान हुआ हादसा

गोलपाड़ा : असम के गोलपाड़ा जिले में उसी कीचड़ भरे तालाब में छह हाथी फंस गए, जहां एक दिन पहले पांच अन्य हाथी फंस गए थे। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक सभी हाथियों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया और पास के वन क्षेत्रों में वापस खदेड़ दिया गया।

अधिकारी के मुताबिक ताजा मामले में गत दिवस देर रात एक झुंड के छह हाथी तालाब में गिर गए। तालाब से बाहर निकलने में असमर्थ हाथियों को देखने के बाद अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया और तालाब के निकट एक गढ्ढा खोदा। इसकी मदद से हाथियों को बाहर निकाला गया।

पांच अन्य हाथी बुधवार की रात उसी तालाब में फिसल गए थे। उन्हें इसी तरह से वन विभाग के कर्मियों द्वारा बचाया गया और वापस जंगल में खदेड़ दिया गया।

अधिकारी के मुताबिक भविष्य इस तरह की घटना नहीं हो, इसके लिए तालाब को चारों ओर से इस तरह से खोदा गया है ताकि हाथी आराम से पानी पी सकें। स्थानीय लोगों के मुताबिक हाथियों का झुंड भोजन और पानी की तलाश में अक्सर इस क्षेत्र में आते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter