हमास और PIJ के टॉप 30+ आतंकियों को उड़ा दिया: नाम और फोटो के साथ इजराइल ने कहा – अभी और मारेंगे

गाजा : इजरायली सेना और आतंकी संगठन हमास के बीच संघर्ष सातवें दिन भी जारी रहा। शनिवार को गाजा शहर में 12मंजिला इमारत अल जाला ध्वस्त किए जाने के विरोध में हमास ने रात भर में इजरायल पर 120 राकेट दागे। जवाब में इजरायल ने रविवार तड़के हवाई हमले कर हमास के शीर्ष नेता का घर उड़ा दिया। इजरायल के ताजा हमलों में 10 बच्चों और 16 महिलाओं समेत 42 फलस्तीनी और मारे गए। इस संघर्ष में अब तक कम से कम 188 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं जिनमें 55 बच्चे हैं।

इसके अलावा 1,230 लोग घायल भी हुए हैं। इजरायली सेना ने रविवार को बताया कि गाजा शहर में शनिवार को ध्वस्त की गई अल जाला इमारत में हमास का भी आफिस था। हमने एक घंटे की पूर्व चेतावनी देकर इस बिल्डिंग को उड़ा दिया। इजरायली सेना ने रविवार को तड़के गाजा शहर में तीन इमारतों को बमबारी कर ध्वस्त कर दिया।

इनमें दो इमारते अगल-बगल और एक पचास गज के फासले पर थी। यहां 42 लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली है। इसके साथ ही इजरायली सेना ने दक्षिण गाजा के शहर खान यूनुस में हमलाकर हमास के शीर्ष नेता यहिया अल सिनवार और उसके भाई का घर उड़ा दिया। इन दोनों का क्या हुआ इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। यहिया 2011 में इजरायल की जेल से छूटा था। वह हमास की सैन्य और राजनीतिक शाखा का प्रमुख है।

हमास ने अब तक अपने 18 प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं के मारे जाने की बात कही है। जबकि इजरायल का मानना है कि यह संख्या काफी अधिक हो सकती है। हमास की ओर से इजरायल पर लगातार राकेट हमले जारी रहने से तेल अवीव और बीरशेबा शहर में खतरे के सायरन बजते रहे। सायरन की आवाज पर शरण के लिए भागने की आपाधापी में दस इजरायली नागरिक घायल हो गए। इस संघर्ष में अब तक दो बच्चों समेत 10 इजरायली मारे जा चुके हैं। 

जब तक जरूरी होगा, गाजा में हमारा अभियान जारी रहेगा : नेतन्याहू यरुशलम इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि गाजा में जब तक जरूरी होगा हमारा सैन्य अभियान जारी रहेगा। यह लड़ाई हमने शुरू नहीं की इसलिए हमें कोई अपराधबोध नहीं है। इस जंग में हम इतना ख्याल जरूर रख रहे हैं कि सामान्य नागरिकों को जानमाल का नुक्सान कम से कम हो। नेतन्याहू ने शनिवार को टीवी पर एक संदेश में कहा हमास नागरिकों की आड़ लेकर हमारे नागरिकों को निशाना बना रहा है। जबकि हम फलस्तीनी नागरिकों का पूरा ध्यान रख रहे हैं। हमारी कोशिश है कि सैन्य कार्रवाई में उन्हें कोई क्षति न हो या कम से कम क्षति हो। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter