दतिया नपा में शांति ढेंगुला अध्यक्ष व रजनी सक्सेना निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित : भाजपा में जश्न का माहौल, विजय जुलूस निकला

Datia News : दतिया। दतिया नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भाजपा की वार्ड क्रमांक 25 से पार्षद शांति प्रशांत ढेंगुला निर्विरोध चुन ली गई। शांति ढेंगुला के अध्यक्ष चुने जाने की चुनाव परिणाम आने के बाद से ही संभावना जताई जाने लगी थी। वहीं उपाध्यक्ष पद पर वार्ड क्रमांक 26 से भाजपा पार्षद रजनी योगेश सक्सेना भी निर्विरोध चुनी गई। पहली बार दतिया नगर पालिका उपाध्यक्ष पद भी महिला के खाते में गया है।

अध्यक्ष पद के लिए नगर पालिका कार्यालय में 11 बजे से कलेक्टर संजय कुमार ने चुनाव प्रक्रिया आरंभ कराई। जिसमें नामांकन भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। 12 बजे तक केवल शांति ढ़ेंगुला के द्वारा ही नामांकन भरा गया था। जिसके बाद नामांकन की समीक्षा कर उनके निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा कर दी गई।

मां और भाभी को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाने में रहे सफल : जिस वार्ड से नवनिर्वाचित नपाध्यक्ष शांति ढ़ेंगुला चुनकर परिषद् में पहुंची हैं। वहां से उनके पुत्र प्रशांत ढ़ेंगुला ही भाजपा से पार्षद रह चुके हैं। इस बार आरक्षण के कारण उक्त वार्ड महिला सीट हो जाने से प्रशांत ढ़ेंगुला ने अपनी माताश्री को चुनाव मैदान में खड़ा किया था। यही िस्थति निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गई रजनी सक्सेना के साथ रही।

उनके देवर योगेश सक्सेना भी पिछली परिषद में पार्षद व नपा उपाध्यक्ष रह चुके हैं। जिनके वार्ड में आरक्षण के बाद िस्थति बदलने पर उन्होंने अपनी भाभी रजनी सक्सेना को वार्ड 26 से चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रुप में उतारा था। जहां चुनकर वह परिषद् में पहुंची हैं।

दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद कलेक्टर संजय कुमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शांति ढेंगुला एवं उपाध्यक्ष रजनी सक्सेना को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान युवा नेता डा.सुकर्ण मिश्रा, डा.विवेक मिश्रा, प्रशांत ढेंगुला, योगेश सक्सेना सहित भाजपा नेतागण व नपा सीएमओ अनिल दुबे मौजूद रहे।

नगर में निकला जुलूस : शांति प्रशांत ढेंगुला के नगर की प्रथम नागरिक बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया। उनने निर्वाचित होने की खबर के साथ ही समर्थक बड़ी संख्या में नगर पालिका परिषद के बाहर पहुंच गए।

ढोल नगाड़ों के बीच फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। शहर में जुलूस निकाला गया। इस दौरान अध्यक्ष व उपाध्यक्ष प्रतिनिधि ने नगर में घूमकर व्यापारियों एवं शहरवासियों का अभिवादन किया। जुलूस में नगर पालिका के सभी पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। जगह-जगह आतिशबाजी और पुष्पवर्षा कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter