छेड़छाड़ से परेशान छात्रा ने की जान देने की कोशिश : गंभीर हालत में झांसी रेफर, नाराज लोगों ने उनाव थाना घेरा

Datia news : दतिया। छात्राओं के साथ छेड़खानी के मामले को लेकर गुरुवार को उनाव में हंगामे की स्थिति तब निर्मित हो गई जब एक छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश कर डाली। जिसे गंभीर हालत में झांसी रेफर करना पड़ा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क उठा और करीब एक सैकड़ा लोग उनाव थाने का घेराव करने पहुंच गए। जहां लोगों ने नाराजगी जाहिर कर पुलिस पर तमाम आरोप लगाए। मामला गरमाता देख पुलिस ने भी सक्रियता दिखाई और दो आरोपितों को कुछ देर में ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उनाव थाना क्षेत्र में दो छात्राओं के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में चार आरोपितों को पुलिस ने नामजद किया है। वहीं इनमें से दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। फरार दो आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि उनाव थाना क्षेत्र में दो छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया था। जिसमें छेड़खानी से परेशान होकर एक छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश की थी।

जिसे उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। इस मामले में भांडेर एसडीओपी कर्णिक श्रीवास्तव और महिला एसआई को मौके पर भेजकर साक्ष्य एकत्रित करने के एसपी ने निर्देश दिए हैं।

लोगों का भड़का गुस्सा : वहीं छात्रा के आत्महत्या की कोशिश के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने उनाव थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस की समझाइश के बाद आक्रोशित लोग मानें।

आत्महत्या का प्रयास करने वाली छात्रा के झांसी में चल रहे इलाज को लेकर पुलिस अधिकारी अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में हैं। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक बयानों के आधार पर आरोपितों पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया की सभी आरोपित नाबालिग हैं। इसलिए उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!