रायसेन जिले की घटना दुखद, अपराधियों को मिलेगा कठोरतम दंड – CM शिवराज,5 लाख सहायता राशि का ऐलान

भोपाल :  मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने  रायसेन जिले की खमरिया ग्राम के पास हुई वारदात के घायलों से आज हमीदिया अस्पताल जाकर मुलाकात की। मुख्यमंत्री  चौहान एक-एक घायल से व्यक्तिगत रूप से मिले। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि यह घटना दुखद है। गोली चलाना कोई साधारण अपराध नहीं है। अपराधियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री  चौहान ने घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि वारदात में मृतक  राजू आदिवासी के परिवार को 5 लाख रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। गंभीर घायल हरि सिंह और  रामजी भाई को 2-2 लाख रूपए की राशि दी जाएगी। घायल  नरेन्द्र की आँख में चोट है, जिन्हें भी 2 लाख रूपए की सहायता दी जाएगी। अन्य घायलों को भी 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि दी जाएगी।

घायलों का होगा नि:शुल्क इलाज

मुख्यमंत्री  चौहान ने सभी घायलों की स्वास्थ्य जाँच और संपूर्ण उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी घायलों का इलाज पूर्णत: नि:शुल्क होगा। अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी तो वह भी की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि घायलों के उपचार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।

घायलों के परिजन से मुख्यमंत्री ने की भेंट

मुख्यमंत्री चौहान ने हमीदिया अस्पताल में मौजूद घायल व्यक्तियों के परिजन से भी भेंट की और उन्हें आश्वस्त किया कि घटना में घायल सभी का बेहतर से बेहतर इलाज हो रहा है। दोषियों के विरूद्ध भी कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। भयग्रस्त होने की आवश्यकता नहीं है। स्थानीय प्रशासन और शासन आपके साथ खड़ा है।

चिकित्सा-विशेषज्ञों को निर्देश

मुख्यमंत्री  चौहान ने जीएमसी भोपाल के डीन डॉ. अरविंद राय, आर्थोपेडिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील टंडन और अन्य चिकित्सा-विशेषज्ञों से घायलों के उपचार के संबंध में चर्चा की। मुख्यमंत्री  चौहान ने रायसेन जिला प्रशासन को भी प्रभावित परिवारों की आवश्यक सहायता के निर्देश दिए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!