राजेंद्र भारती की याचिका हाईकोर्ट ने की स्वीकार : अब 26 मई को होगी अगली सुनवाई, कपिल सिब्बल ने रखा पक्ष !

भोपाल :  राजेंद्र भारती से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने त्वरित सुनवाई की मांग को स्वीकार कर लिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 मई को निर्धारित की गई है। अदालत ने याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए मामले को गंभीर मानते हुए सूचीबद्ध किया। हालांकि, विस्तृत सुनवाई सरकारी पक्ष द्वारा समय मांगे जाने के कारण आगे बढ़ा दी गई।

जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक की ओर से हाल ही में शीघ्र सुनवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। पहले इस मामले की सुनवाई जुलाई महीने में प्रस्तावित थी, लेकिन याचिकाकर्ता की ओर से जल्द तारीख देने का अनुरोध किया गया। इसके बाद अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए नई तारीख तय की।

कपिल सिब्बल ने अदालत में रखा पक्ष : पूर्व विधायक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल अदालत में उपस्थित हुए। उन्होंने मामले की परिस्थितियों का हवाला देते हुए शीघ्र सुनवाई की मांग की और अदालत से जल्द तारीख निर्धारित करने का आग्रह किया।

एफडी अनियमितता मामले से जुड़ा है विवाद : यह मामला कई वर्ष पुराने एफडी अनियमितता प्रकरण से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि बैंक से संबंधित दस्तावेजों में बदलाव कर एफडी अवधि बढ़ाई गई और लंबे समय तक ब्याज राशि निकाली जाती रही। इसी मामले में निचली अदालत द्वारा पूर्व विधायक और एक बैंक कर्मचारी को दोषी ठहराया गया था।

अदालत ने विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई थी, जिसके बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। अब आगामी सुनवाई में मामले के कानूनी पहलुओं पर विस्तार से बहस होने की संभावना है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter