भारत-वियतनाम तटरक्षक बलों की चेन्नई में सातवीं उच्च स्तरीय बैठक : समुद्री सुरक्षा, रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रदूषण नियंत्रण पर सहयोग बढ़ाने पर जोर

चेन्नई। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और वियतनाम तटरक्षक बल (VCG) के बीच सातवीं उच्च स्तरीय बैठक 25 अगस्त 2026 को चेन्नई में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन वर्ष 2015 में हुए तटरक्षक सहयोग समझौते के तहत किया गया।

बैठक की सह-अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि और वियतनाम तटरक्षक बल के वाइस कमांडेंट मेजर जनरल लुओंग दिन्ह हंग ने की।

समुद्री सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा : बैठक में दोनों देशों के तटरक्षक बलों के बीच समुद्री खोज एवं बचाव, समुद्री कानून प्रवर्तन, समुद्री प्रदूषण से निपटने और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने अब तक हुए पेशेवर आदान-प्रदान और जहाज यात्राओं की समीक्षा की। साथ ही परिचालन स्तर पर बेहतर समन्वय और दोनों बलों की इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई गई।

प्रशिक्षण और नियमित संवाद पर दिया जोर : भारत और वियतनाम के तटरक्षक बलों ने आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत करने के लिए नियमित संस्थागत संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रम, पेशेवर आदान-प्रदान और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने की जरूरत पर जोर दिया।

बैठक में समुद्री सुरक्षा, समुद्री संरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

27 अगस्त को समुद्र में होगा संयुक्त अभ्यास : भारत-वियतनाम तटरक्षक सहयोग के तहत SAHYOG-HOPTAC संयुक्त अभ्यास 27 अगस्त 2026 को समुद्र में आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास के दौरान दोनों देशों के तटरक्षक बल परिचालन समन्वय और इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करने के साथ-साथ समुद्री अभियानों से जुड़ी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करेंगे।

बैठक और आगामी संयुक्त अभ्यास को दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और सुरक्षा साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter