पेट्रोल पंप पर हाई वोल्टेज ड्रामा : युवक ने लहराया कट्टा, कर्मचारी से मारपीट; CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी

दतिया : हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक कार सवार युवक ने जल्दबाजी में पेट्रोल भरवाने को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। लाइन में लगे वाहनों को नजरअंदाज कर सीधे आगे पहुंचने की कोशिश ने विवाद को जन्म दिया, जो देखते ही देखते मारपीट और धमकी तक पहुंच गया। युवक के पास कट्टा होने की बात सामने आने से मौके पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए दहशत में आ गए।

लाइन तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद, बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, गोराघाट थाना क्षेत्र के हाईवे पर स्थित रतन पेट्रोल पंप पर कर्मचारी नियमित रूप से वाहनों में पेट्रोल भर रहे थे। इसी दौरान एक युवक कार लेकर वहां पहुंचा और बिना लाइन में लगे तुरंत पेट्रोल भरने की मांग करने लगा। कर्मचारी द्वारा नियमों का हवाला देते हुए उसे लाइन में लगने के लिए कहा गया, जिससे युवक नाराज हो गया और बहस शुरू हो गई।

कट्टा दिखाकर डराने की कोशिश, कर्मचारी से की मारपीट
विवाद बढ़ने पर युवक ने गाली-गलौज करते हुए अपनी कार से कट्टा निकाल लिया और उसे दिखाकर कर्मचारियों को डराने की कोशिश की। इसके बाद उसने पंप कर्मचारी के साथ मारपीट भी की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद अन्य लोग सहम गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अन्य कर्मचारियों ने संभाली स्थिति, दी धमकी
हंगामा बढ़ता देख पंप के अन्य कर्मचारी और मैनेजर मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, जाते-जाते आरोपी युवक ने शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही तलाश
पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर गोराघाट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!