वाहन चेकिंग के दौरान हाईवोल्टेज ड्रामा: चालान काटने को लेकर ट्रैफिक पुलिस और बाइक चालक में विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल

दतिया/इंदरगढ़। जिले के इंदरगढ़ नगर स्थित मेन बाजार में शुक्रवार दोपहर यातायात चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस और एक बाइक चालक के बीच जमकर विवाद हो गया। चालान की कार्रवाई को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में तब्दील हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जहां बाइक चालक ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता, मारपीट और बेटे का मोबाइल फोन छीनने का आरोप जड़ा है, वहीं पुलिस ने शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप में तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया है।

बेटी का इलाज कराने डबरा जा रहा था परिवार, चाबी निकालने पर बढ़ा विवाद : जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी देवेंद्र शाक्य शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे अपनी बेटी का उपचार कराने के लिए बाइक से डबरा जा रहे थे। इसी दौरान मेन बाजार स्थित पुलिस चौकी के समीप तैनात ट्रैफिक सूबेदार होतम सिंह ने वाहन को जांच के लिए रोका:

➝ दस्तावेजों की जांच और चालान: पुलिस टीम द्वारा हेलमेट और बाइक के दस्तावेजों की मांग की गई। कागजात उपलब्ध न होने पर चालान काटने की बात कही गई। देवेंद्र शाक्य का कहना है कि वे चालान कटवाने के लिए तैयार थे, लेकिन पुलिसकर्मी उनकी बाइक को जब्त कर थाने ले जाने लगे।

➝ मोबाइल छीनने और मारपीट का आरोप: देवेंद्र का आरोप है कि जब पुलिसकर्मी बाइक की चाबी निकाल रहे थे, उसी दौरान बाइक पर बैठा उनका बेटा असंतुलित होकर नीचे गिर गया और उसे चोट आ गई। जब बेटे ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया, तो पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से उसका मोबाइल छीन लिया और पिता-पुत्र के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद राहगीरों ने भी इस घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

पुलिस का पक्ष: अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पर तीन पर केस दर्ज : दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए इसे ड्यूटी में बाधा डालने का मामला बताया है। पुलिस के अनुसार, नियमित वाहन चेकिंग के दौरान दस्तावेज मांगने पर बाइक चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में व्यवधान डाला। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!