अपने हाथों में झाडू थाम डा.मिश्रा ने की मंदिर परिसर की सफाई : सीतापुर में ग्रामीणों को दिया स्वच्छता का संदेश

Datia news : दतिया। अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में पीएम नरेंद्र मोदी ने मंदिरों की साफ सफाई किए जाने का आह्वान किया था। इसी क्रम में रविवार को ग्राम सीतापुर में पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने स्वयं मंदिर की साफ सफाई का बीड़ा उठाते हुए अपने हाथों से वहां झाडू लगाई।

गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में डा.मिश्रा बतौर अतिथि शामिल होने वहां पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने गांव के मंदिर में स्वयं झाडू लगाकर साफ सफाई की साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश भी दिया।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव ने भी सफाई अभियान में उनके साथ श्रमदान किया। डा.मिश्रा को स्वयं झाडू लगाते देख गांव के अन्य लोग भी मंदिर परिसर की साफ सफाई में जुट गए। जिसके बाद कुछ देर में पूरा मंदिर परिसर साफ स्वच्छ नजर आने लगा है। यहां 22 जनवरी को आयोजन भी होगा।

इस मौके पर डा.मिश्रा ने अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को अपने घरों व मंदिरों पर दीपोत्सव कर दीपावली जैसा उत्सव मनाने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहाकि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं हर जरुरतमंद के लिए हैं। इसका लाभ लेने के लिए आगे आएं। योजनाओं की जानकारी के साथ ही उनके क्रियांवयन को लेकर भारत विकसित संकल्प यात्रा का रथ गांव-गांव पहुंच रहा है।

इस दौरान गांव में प्रशासनिक अधिकारी दस्तक दे रहे हैं। जिनके माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!