दतिया। गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय दतिया में 3 करोड़ 86 लाख की लागत से बनने वाले 100 सीटर बालिका छात्रावास का भूमि-पूजन किया।
गृह मंत्री डाॅ. मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में माफियाओं के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। जिसके बेहतर परिणाम मिल रहे है। अभियान के तहत् भू-माफिया, ड्रग माफिया, मिलावट खोरों के विरूद्ध, चिटफंड कंपनिया चलाने वालों के विरूद्ध सख्ती के साथ कार्यवाही की गई है। जिससे जन सामान्य में राज्य शासन के प्रति और अधिक विश्वास बढ़ा है।गृह मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में गलत काम करने वालों को किसी भी हालत में वक्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि दतिया शांति का टापू रहा है। गरीब एवं असहाय पर अत्याचार करने वालों को प्रदेश में कही भी स्थान नहीं मिलेगा। डाॅ. मिश्रा ने कहा कि दतिया में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वाले भू-माफियाओं एवं अतिक्रमकों के विरूद्ध भी सख्त कार्यवाही की जायेगी। दतिया में जो अतिक्रमण हटाओ अभियान को शुरू किया गया है वह सतत जारी रहेगा।
