दतिया । पाल-बघेल समाज का ऐतिहासिक एवं गौरवशाली इतिहास रहा है। इस समाज के लोगों का प्राचीनकाल से ही पशुपालन व्यवसाय रहा है, जिसके लिए शासन स्तर पर हर संभव मदद की जाएगी। यह बात गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को ग्राम काराहार (खमेरा) में पाल-बघेल समाज द्वारा आयोजित सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। इस दौरान पाल-बघेल समाज द्वारा गृहमंत्री का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।
सम्मेलन में गृहमंत्री डा. मिश्रा ने कहा कि पाल-बघेल समाज का उनका वर्षो से पुराना रिश्ता है। इस समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश एवं केन्द्र सरकार ने इन वर्गों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए अनेकों कल्याणकारी येाजनाएं संचालित की हैं। जिनका लाभ समाज के लोगों को लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाल एवं बघेल समाज की समस्याओं के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहाकि समाज के लोग माता अहिल्या बाई की प्रतिमा लगाने के लिए स्थल चयन कर लें। जिससे उचित स्थान पर मूर्ति लगाई जाने की कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक राधेलाल बघेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधोलिया, पूर्व विधायक प्रदीप अग्रवाल, आशाराम अहिरवार, लक्ष्मण सिंह बघेल, रामसिंह बघेल, रज्जन पाल, लालाराम, मनोहर फौजी, रघुराज सिंह, चरन सिंह पाल, पंजाब सिंह बघेल, बृजेश यादव, गब्बर सिंह बघेल आदि उपस्थित रहे।
उदगवां में किया विकास कार्यों का शिलान्यास
गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने ग्राम उदगवां पहुंचकर वहां 1 करोड़ 51 लाख की लागत के 26 निर्माण एवं विकास कार्यो का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर 1 करोड 64 लाख 41 हजार की लागत के 19 विकास कार्यों की घोषणा की। गृहमंत्री ने इस दौरान 65 हितग्राहियों को 1 करोड़ 23 लाख 80 हजार की राशि के विभिन्न योजनाओं के चैक वितरित किए। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत पर विद्युत मंडल के अधिकारियों को विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए।
सौ सीटर छात्रावास एवं जिम का लोकार्पण
गृहमंत्री डा.मिश्रा ने हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-2 दतिया में 3 करोड़ 46 लाख की लागत से निर्मित सौ सीटर बालक छात्रावास और ओपन जिम का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह मां पीताम्बरा का आशीर्वाद है कि जिन निर्माण कार्यों का उनके द्वारा शिलान्यास एवं भूमिपूजन करने का सौभाग्य प्राप्त हुए था, उन निर्माण कार्यों का उनके द्वारा लोकार्पण भी किया जा रहा है। जिसमें 100 सीटर बालक छात्रावास भी शामिल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

