ज्योति स्नान महोत्सव का भव्य उद्घाटन करेंगे गृहमंत्री, 75 वर्ष से दतिया में प्रज्जवलित है ये अखंड पवित्र ज्योति

Datia News : दतिया। सिंधी समाज का विशेष पर्व ज्योति स्नान महोत्सव का भव्य उद्घाटन आज 29 जुलाई को होगा। ज्योति स्नान महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि इंदौर संासद शंकर लालवानी, सासंद संध्या राय एवं जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी रहेंगे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी करेंगे। अगले दिन 30 जुलाई को आकर्षक चल समारोह निकाला जाएगा।

महोत्सव के उपलक्ष्य में संत हजारीराम पंचायत एवं ज्योति सेवा समिति ने स्थानीय गाडीखाना मंदिर पर गुरुवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। प्रेसवार्ता में संत हजारीराम पंचायत के अध्यक्ष जगदीश सचदेवा ने बताया कि कई वर्षों से प्रज्जवलित अखंड पवित्र ज्योति पाकिस्तान में संत हजारीराम लेकर सिंध तालाब से प्रकट हुए थे।

भारत पाकिस्तान के विभाजन के समय इस पवित्र ज्योति को दतिया लाया गया। तब से यह ज्योति अखंड रूप से यहां विराजमान है। प्रतिवर्ष इस पवित्र ज्योति को साल में एक बार दरबार से निकालकर तालाब में स्नान कराया जाता है। इसलिए इस पर्व का नाम ज्योति स्नान रखा गया।

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के सदस्य काका अर्जुुनदास ने बताया कि यह ज्योति सिंधी समाज की आस्था का प्रतीक है। अगर शरीर से पीड़ित कोई व्यक्ति केवल इस ज्योति के तेल मात्र को लगा लें तो उसके रोग दूर हो जाते है।

इस अवसर पर संत हजारीराम पंचायत के सचिव ओमप्रकाश पंबानी, व्यवस्थापक पवन गावडा, अजय रतनाणी, विजय सचदेवा, दीपक भंवानी आदि मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों काे सम्मानित भी किया गया।

ज्योति स्नान महोत्सव के प्रथम दिन गुरुवार को महिला संगीत पर कई रंगांरग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। महिला संगीत में बाहर से आए कलाकारो द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्वालुओं ने जमकर नृत्य किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter