गृहमंत्री का सादगी भरा अंदाज : साइकिल पर सवार होकर पहुंचे पीतांबरा पीठ, स्थानीय लोगों ने किया अभिवादन

Datia News : दतिया। गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा अपनी सादगी भरे अंदाज के कारण हमेशा जाने जाते हैं। चाहे डोर टू डोर अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े चाट के ठेले पर गोलगप्पों का मजा लेना हो या फिर अपनी फोरच्यूनर लग्जरी गाड़ी को छोड़ बुलेट पर सवार होकर शहर की सड़क पर निकल पड़ना, उनकी इसी सादगी को दर्शाता है।

गृहमंत्री डा.मिश्रा का ऐसा ही अंदाज नए साल के दिन रविवार को एक बार फिर शहरवासियों को देखने को मिला। मौका था किला चौक पर हाकर्स को साइकिल वितरण समारोह का। कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री ने भी एक साइकिल का हेंडल संभाला और उस पर सवार होकर निकल पड़े पीतांबरा पीठ के लिए।

उनका यह रूप देखकर आसपास मौजूद सुरक्षा कर्मी और अन्य जनप्रतिनिधि रोमांचित हो गए। बस फिर क्या था सड़क पर गृहमंत्री को साइकिल चलाकर निकलते देख लोग भी उनका अभिवादन करने में पीछे नहीं रहे।

इस दौरान गृहमंत्री के पीछे वो हाकर्स भी चल उत्साहित होकर चल पड़े जिन्हें नई साइकिल मिली थी। शहर की सड़कों पर यह नजारा देख स्थानीय निवासी भी गृहमंत्री की सादगी की तारीफ करते नजर आए। वहीं गृहमंत्री पूरी सहजता के साथ किला चौक से होते हुए पीतांबरा पीठ तक साइकिल चलाकर पूरे आनंदित भाव में दिखे।

हाकर्स का बढ़ा उत्साह : साईकिल वितरण कार्यक्रम के उपरांत गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने हाकर्स का उत्साहवर्धन करते हुए स्वयं भी साइकिलिंग का आनंद लिया। उन्होंने हाकर्स के साथ खुद भी साईकिल चलाते हुए शहर के मुख्य बाजार से निकले।

जहां उन्होंने रास्ते में लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया। इसके बाद वह साइकिल से ही मां पीतांबरा मंदिर पहुंचे। गृहमंत्री ने इस मौके पर हाकर्स को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस सबसे हाकर्स का उत्साह दोगुना हो गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter