सिलेंडर फटने से बीकर में ढह गया मकान : मंदिर में जल रहे दीपक के संपर्क में आने से हुआ धमाका, महिला घायल

Datia news : दतिया। दुरसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीकर में शनिवार रात गैस सिलेंडर फटने से एक मकान के तीन कमरे पूरी तरह ढह गए और छत उड़ गई।

धमाका इतना भीषण था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए, हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते घर के सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। इस हादसे में एक महिला को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बीकर निवासी सूरज पांचाल के घर शनिवार रात महिलाएं रसोई में खाली गैस सिलेंडर बदलने का काम कर रही थीं।

जैसे ही नया भरा हुआ सिलेंडर लगाया गया, उसका रेगुलेटर अचानक उछल गया और सिलेंडर की पिन दबी रह गई। इसके चलते गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। गैस की तेज गंध और आवाज सुनते ही घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए और तुरंत बाहर की ओर भागे।

बताया जा रहा है कि घर के अंदर मंदिर में दीपक जल रहा था। गैस का रिसाव तेजी से पूरे कमरे में फैल गया और कुछ ही पलों में वह दीपक की लौ के संपर्क में आ गई।

इसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए गांव में दहशत का माहौल बन गया।

मकान ढहने से बढ़ी दहशत : विस्फोट के कारण मकान के पीछे बने तीन कमरे पूरी तरह से ढह गए। छत और दीवारें गिरने से घर का काफी सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के मकानों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती और घर के सदस्य बाहर नहीं निकलते, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

घटना में घर की एक महिला को हल्की चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter