खाना खाते वक्त पैसों को लेकर भिड़े पति-पत्नी : विवाद बढ़ा तो पत्नी ने डंडे से किया वार, सिर में गंभीर चोट से पति की मौत

दतिया | भांडेर क्षेत्र के खिरिया साहब गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद के बाद एक युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कुछ रुपए को लेकर शुरू हुई कहासुनी अचानक हिंसक हो गई, जिसके बाद पत्नी ने घर में रखे डंडे से पति के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट के चलते युवक की मौत हो गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर घटना की पड़ताल शुरू कर दी है।

खाना खाते वक्त हुआ विवाद : मृतक की पहचान जशवंत दोहरे (38), निवासी खिरिया साहब के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जशवंत मजदूरी का काम करता था और रविवार शाम काम से लौटने के बाद घर में खाना खा रहा था।

इसी दौरान पत्नी रूपा दोहरे से कुछ रुपए को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। दोनों के बीच मारपीट होने की भी जानकारी सामने आई है। इसी दौरान रूपा ने कथित तौर पर डंडा उठाकर जशवंत के सिर पर वार कर दिया।

कुछ ही देर में मौके पर मच गई हलचल : सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद जशवंत की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला के घर से बाहर चले जाने की बात सामने आई है।

आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। टीआई सपना शर्मा के मुताबिक आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

13 साल की शादी, पीछे रह गया 8 साल का बेटा : जशवंत और रूपा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। दोनों का एक 8 साल का बेटा है। परिवार में जशवंत बड़ा भाई था। उसका छोटा भाई दिल्ली में मजदूरी करता है, जबकि माता-पिता गांव में ही छोटे बेटे के साथ अलग रहते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे और घर में पति-पत्नी ही मौजूद थे।

पुलिस जुटा रही घटना की पूरी कड़ी : ग्रामीणों ने जशवंत के शराब पीने का आदी होने की बात बताई है। वह मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह मारपीट और फिर जानलेवा हमले तक पहुंचा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter