दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र के ग्राम बागपुरा में अापसी मुंहवाद में गुस्साए पति ने फावड़ा मारकर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर डाली। हत्या के कारण के बारे में पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता सकी है। वहीं चर्चा है कि बागपुरा निवासी ब्रजकिशोर दोहरे की पत्नी लालीबाई का गांव के किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, घटना वाले दिन मंगलवार रात करीब 10.30 बजे अपने घर में पत्नी के साथ प्रेमी को देखकर पति ब्रजकिशोर भड़क उठा और उसने कमरे में रखे फावड़े के बार से अपनी पत्नी की गर्दन अलग कर डाली। वहां मौजूद मृतका के 8 वर्षीय बेटे ने जब इस खूनी खेल को देखा तो दौड़कर गांव के सरपंच के स्वजनों को सूचना दी, जिन्होंने डायल हंड्रेड पुलिस को फोन लगा दिया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार बागपुरा दलित बस्ती निवासी ब्रजकिशोर अहिरवार का अपनी पत्नी नेहा उर्फ लाली दोहर से मंगलवार रात मुंहवाद हो गया। शोर शराबा सुन वहां ब्रजकिशोर के चाचा आत्मरामा और बहनोई दशरथ निवासी काडोरा भी आ गए। पत्नी से कहासुनी के दौरान ब्रजकिशोर गुस्से में आ गया और उसने कमरे में रखे फावड़े से लाली पर बार कर दिया, जिससे उसकी गर्दन कट जाने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के तीन बच्चे हैं। जिनमें सबसे बड़ा बेटा गौरव यह सब देख सुन रहा था। उसने घटना की सूचना दौड़कर गांव के सरपंच चंद्रप्रकाश दोहरे के घर मौजूद स्वजन को दी। जिन्होंने घबराए बच्चे की मदद करते हुए तत्काल डायल हंड्रेड को फोन किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से मृतका का शव कब्जे में लेकर वहां मौजूद पति ब्रजकिशोर को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी विजय लोधी ने घटना के संबंध में मृतका के मायके पक्ष और अन्य लोगों से पूछतांछ करने में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस इस घटना को लेकर कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं बता पा रही। जहां एक ओर पैसे के लेनदेन पर हत्या होने की बात कही जा रही हैं, वहीं गांव में मृतका का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चलने का मामला भी सामने आया है। इस संबंध में पुलिस छानबीन कर रही है। बुधवार सुबह मृतका का शव पुलिस ने पीएम के लिए भांडेर अस्पताल भिजवाया। घटना के दो आरोपित आत्माराम और दशरथ फरार बताए जाते हैं।
घटना के कुछ देर पहले ही मायके वालों से हुई थी बात
घटना की सूचना मिलने पर बागपुरा पहुंचे मृतका लाली के मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि मंगलवार रात घटना से करीब दो घंटे पहले ही उनकी उससे मोबाइल पर बात हुई थी। उस समय सब कुछ ठीक था। दो घंटे बाद ही घटना के बारे में जानकारी मिली तो वह हतप्रभ रह गए। इस घटना को लेकर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी कुछ कहने की िस्थति में नजर नहीं आए।

