पति करा रहा था सौतन की डिलीवरी, डंडा लेकर अस्पताल पहुंची पत्नी,पीटने के बाद पुलिस को सौंपा

मुरादाबाद : जयपुर से पति को खोजते हुए पत्नी रविवार को मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंची। उस समय उसका पति दूसरी पत्नी की डिलीवरी करा रहा था।

पहली पत्नी के आने की सूचना पर पति भाग गया। वहीं, पत्नी हाथ में डंडा लेकर पूरे अस्पताल परिसर में उसे खोजती रही। देर शाम पत्नी ने आरोपित पति को मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर चौराहे पर पकड़ लिया। इसके बाद पति की पिटाई करने के बाद उसे पकड़कर मंडी समिति पुलिस चौकी ले गई।

देर रात तक चौकी में पत्नी हंगामा करती रही। जयपुर के वंशिका अपार्टमेंट मंगलम सिटी निवासी भावना सिंह ने बताया कि पांच वर्ष पहले उन्होंने संभल के असमोली थाना क्षेत्र यारपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह के साथ कोर्ट मैरिज की थी। पति मोबाइल कंपनी में काम करता था। दोनों का बेटा भी है। ढाई साल पहले पति जयपुर स्थित घर से अचानक गायब हो गया था।

पता चला कि मेरे रिश्तेदारों से 20 लाख रुपये उधार भी ले लिए थे। ढाई साल से वह पति को दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में खोज रही थी। इस दौरान उसे पता चला कि पति ने मुरादाबाद में दूसरी शादी कर ली है। दूसरी पत्नी के बच्चा होने वाला है।

जयपुर से लगभग साढ़े चार सौ किलो मीटर का सफर तय करके पति को खोजते हुए रविवार दोपहर पत्नी हाथ में डंडा लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई। आरोपित पति दूसरी पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए जिला अस्पताल लेकर आया हुआ था।

पति को जैसे ही पहली पत्नी की आने की खबर लगी, वह दूसरी पत्‍नी को छोड़कर अस्पताल से फरार हो गया। पत्नी अपनी सहेली के साथ पूरे अस्पताल परिसर में आरोपित पति को डंडा लेकर खोजती रही। देर शाम मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर चौराहे पर भावना सिंह ने पति धर्मेंद्र सिंह को पकड़ लिया। इस दौरान पति-पत्नी के बीच चौराहे पर मारपीट होने लगी।

पत्नी कालर पकड़कर पति को घसीटते हुए मंडी चौकी लेकर पहुंची। यहां पर पुलिस ने बीच-बचाव करके किसी तरह पति को कमरे के अंदर बंद कर दिया। मंडी समिति चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। वहीं, दोनों के विवाद का मामला जयपुर कोर्ट में विचाराधीन है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!