जब एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था तब मैंने भी नहीं सोचा था कि यहां विमान से उतरूंगा – पीएम मोदी

सुल्तानपुर (उप्र) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य की विपक्षी सरकारों पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि पिछली सरकारों ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को ‘माफियावाद’ और गरीबी के हवाले कर दिया था लेकिन भाजपा सरकार अब वहां विकास का नया अध्याय लिख रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए कहाकि राज्य में पिछले मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में विकास उन जगहों तक सीमित था, जहां उनके घर, परिवार थे लेकिन वर्तमान सरकार पूर्वी क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में भी विकास का काम कर रही है।

मोदी ने कहाकि यह एक्सप्रेस-वे राज्य के विकास का एक्सप्रेस-वे है, यह एक्सप्रेस-वे राज्य की प्रगति का एक्सप्रेस-वे है, यह एक्सप्रेस-वे राज्य की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का एक्सप्रेस-वे है। उन्होंने कहा, ‘‘तीन वर्ष पहले जब मैंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था तब मैंने यह नहीं सोचा कि इस एक्सप्रेस-वे पर मैं विमान से उतरूंगा भी।’’

प्रधानमंत्री ने यहां राज्य की राजधानी लखनऊ को गाजीपुर से जोड़ने वाले छह लेन एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इसका निर्माण 22,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया गया है।

इससे पूर्व मोदी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के लिए भारतीय वायुसेना के सी-130 हरक्यूलिस विमान से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हवाई पट्टी पर उतरे थे।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य लोगों ने हवाई पट्टी पर प्रधानमंत्री की अगवानी की।

लड़ाकू विमानों को आपात स्थिति में उतारने की सुविधा के लिए एक्सप्रेस-वे पर 3.2 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी का निर्माण किया गया है।

हवाई पट्टी स्थल से प्रधानमंत्री सुखोई, मिराज समेत भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमानों के ‘एयर शो’ देखेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!