अपने जीवन को बदलना है तो मन को धर्म के मार्ग पर लगाओ – मुनिश्री
दतिया. व्यक्ति मन का दास बना हुआ है। मन के अनुसार ही अपने सारे काम करता है। मन के कारण व्यक्ति संसार में भटक रहा है, क्योंकि आत्मा का विनाश करने वाली पंचेंद्रियों के विषय है और विषय मन के द्वारा होते है। जो मन को मुखिया मानते है। वह चाहे तो इसी मन के द्वारा अच्छे कार्य कर सकते हैं। यह विचार क्रांतिकारी मुनिश्री प्रतीक सागर महाराज ने शनिवार को सोनागिर स्थित आचार्यश्री पुष्पदंत सागर सभागृह में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

मुनिश्री ने कहा कि नाराज होना व्यक्ति का स्वभाव है, जो किसी न किसी बात लेकर नाराज हो जाता है। आज के समय में व्यक्ति स्वयं की प्रशंसा सुनना पसंद करता है। यदि अपने जीवन को बदलना है तो मन को धर्म के मार्ग पर लगाओ जिससे तुम्हारा कल्याण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी शक्ति धन की नहीं एकता संगठन की होती है। उन्नति, विकास का सबसे बड़ा रास्ता है एकता । सगंठन एकता की बड़ी ताकत होती है। जो व्यक्ति एक से दूसरों को जोड़ता जाता है वह एक दिन परिवार, नगर, देश और राष्ट्र के निर्माण में भी सफल हो जाता है। आज हमें अपने घर, परिवार, कुटुम्ब में एकता का शंखनाद करना चाहिए, यह तभी होगा जब हम एक दूसरे से जुड़कर चलें, आपके घर में चार सदस्य हैं तो चारों में खुशी का संचार करें ।उन्होंने कहा कि लोगों की धारणा बनी हुई है कि वे यदि सत्य का पालन करेंगे तो उनका सारा काम बिगड़ जाएगा । व्यापार में, नौकरी में, समाज में सभी जगह बहुत कठिनाई आ जाएगी । यह मन की दुर्बलता है। झूठा व्यक्ति ही सदैव भयभीत रहता है, न मालूम कब उसके झूठ का भेद खुल जाए । सत्य के बिना अभय नहीं होता है। सत्यनिष्ठ निर्भीक और निर्भय होता है। सत्य की सदैव विजय होती है। उन्होंने कहा कि जीवन का शाश्वत सुख प्राप्त करना है तो मन, वचन, कार्य से सत्य आचरण को अपने जीवन में प्रतिष्ठित करने की जरूरत है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter