IFFI: 20 से 28 नवंबर के बीच गोवा में संपन्न होगा 52वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल

मुंबई : सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने मंगलवार को 52वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (इफ्फी) के आयोजन, उसके नियमों से संबंधी विवरण और पोस्टर जारी किए। इस साल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 20 से 28 नवंबर तक गोवा में किया जाएगा।

कोविड-19 की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए पिछले वर्ष की तरह इस बार भी फेस्टिवल का आयोजन हाइब्रिड फार्मेट (वर्चुअल और वास्तविकता का मिलाजुला प्रारूप) में किया जाएगा। फेस्टिवल में अपनी फिल्मों के प्रदर्शन के लिए फिल्मकार 31 अगस्त तक आवेदन भेज सकते हैं।

भारतीय सिनेमा की महान विभूति फिल्मकार सत्यजित राय की जन्म शताब्दी वर्ष होने के कारण इस साल इफ्फी में उनके कार्यों को याद करते हुए फिल्म फेस्टिवल निदेशालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

इसके अलावा सिनेमा में उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए चुनिंदा हस्तियों को इस साल से ‘सत्यजित राय लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ भी दिया जाएगा।

एशिया के सबसे पुराने और देश के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में शुमार इफ्फी का आयोजन भारत सरकार, फिल्म फेस्टिवल निदेशालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, गोवा की राज्य सरकार तथा भारतीय फिल्म इंडस्ट्री एक साथ मिलकर करते हैं। इसमें देश-विदेश की सिनेमा से जुड़े बेहतरीन कामों का प्रदर्शन किया जाता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter