मध्यप्रदेश पुलिस की सख्त कार्रवाई : 2 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त , दो कंटेनर पकड़े, 2004 पेटी शराब बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

आलीराजपुर | मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आलीराजपुर जिले के जोबट थाना क्षेत्र में करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान शराब से भरे दो कंटेनर वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से दोनों कंटेनर चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

मुखबिर की सूचना पर दो टीमों ने की कार्रवाई : पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान जोबट पुलिस को मुखबिर से बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और संदिग्ध कंटेनरों को रोककर उनकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पहले कंटेनर से 930 पेटी और दूसरे कंटेनर से 1074 पेटी, कुल 2004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब में कई हाई-रेंज ब्रांड शामिल हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस : कार्रवाई के बाद पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए दोनों कंटेनर जब्त कर लिए और दोनों चालकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में केवल खेप जब्त करने तक सीमित न रहकर पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter