महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24×7 हेल्पलाइन 14490: हिंसा और उत्पीड़न की शिकायतों पर मिलेगी तत्काल सहायता

नई दिल्ली | महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) देशभर में 24×7 महिला हेल्पलाइन 14490 संचालित कर रहा है।

यह हेल्पलाइन घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम है। आयोग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य संकट की स्थिति में महिलाओं को त्वरित और सरल सहायता उपलब्ध कराना है।

18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं ले सकती हैं सहायता : राष्ट्रीय महिला आयोग के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की कोई भी महिला या युवती हेल्पलाइन 14490 पर संपर्क कर सकती है। यह टोल-फ्री सेवा आयोग की मौजूदा हेल्पलाइन से जुड़ी हुई है और शिकायत दर्ज कराने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराती है।

सिर्फ शिकायत नहीं, मनोवैज्ञानिक परामर्श भी मिलेगा : हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं को केवल शिकायत दर्ज कराने की सुविधा ही नहीं, बल्कि प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों द्वारा परामर्श, संबंधित संस्थानों तक रेफरल सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाती है। आयोग के अनुसार घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों में यह सेवा महिलाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का प्रयास करती है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से आसान हुई पहुंच : राष्ट्रीय महिला आयोग ने हेल्पलाइन को डिजिटल शिकायत पंजीकरण प्रणाली से जोड़ा है, जिससे महिलाएं किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। आयोग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सहायता सेवाओं को अधिक सुलभ, तेज और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

शिकायतों पर ऐसे होती है कार्रवाई : आयोग के अनुसार प्राप्त प्रत्येक शिकायत की पहले जांच की जाती है कि वह उसके अधिकार क्षेत्र में आती है या नहीं। पात्र मामलों को पंजीकृत कर यूनिक केस नंबर दिया जाता है और आवश्यकता के अनुसार संबंधित पुलिस, प्रशासनिक विभाग या अन्य एजेंसियों को कार्रवाई के लिए भेजा जाता है। कई मामलों में मध्यस्थता, परामर्श और वैधानिक प्रावधानों के पालन की भी निगरानी की जाती है। गंभीर मामलों में आयोग जांच समिति का भी गठन कर सकता है।

नीतिगत सुधार में भी मिलती है मदद : राष्ट्रीय महिला आयोग का कहना है कि हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों का विश्लेषण महिलाओं के खिलाफ अपराधों की प्रवृत्ति को समझने में भी सहायक होता है। इन आंकड़ों के आधार पर संबंधित संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा, सुधारात्मक सुझाव और पुलिस, न्यायिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी इन मामलों का उपयोग किया जाता है।

महिलाओं को जागरूक रहने की अपील : राष्ट्रीय महिला आयोग ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या मानसिक प्रताड़ना की स्थिति में बिना संकोच महिला हेल्पलाइन 14490 का उपयोग करें। आयोग का कहना है कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से पीड़ित महिलाओं को शीघ्र सहायता और आवश्यक कानूनी एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जा सकता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter