बिहार में काेरोना वैक्सीन फ्री में लगेगी, निजी अस्पतालों में भी नहीं देना होंगे 250 रुपये, सरकार उठाएगी यह खर्चा

पटना । बिहार में जब विधानसभा चुनाव थे तभी नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से मुफ्त कोरोना वैक्सीन का वादा किया था। अब जब देशभर में लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हो गई है तो अपने जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुफ्त कोरोना वैक्सीन का वादा पूरा किया। बिहार सरकार ने फैसला किया है कि एक मार्च से निजी अस्पतालों में लगाई जाने वाली कोविड-19 वैक्सीन का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। बता दें कि सरकारी अस्पतालों में फ्री और निजी अस्पतालों में वैक्सीन 250 रुपये प्रति डोज कीमत पर लगवाने की व्यवस्था केंद्र सरकार ने तय की थी।

इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में रविवार को हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इस बात को लेकर फैसला लिया गया कि निजी अस्पतालों में भी वैक्सीन लोगों को मुफ्त में दी जाएगी। देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन का तीसरा चरण शुरू हो गया है। इसमें 60 साल से अधिक के लोग और गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। सरकारी अस्पताल में सभी को मुफ्त कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी जबकि निजी अस्पतालों के लिए 250 रुपये प्रति डोज की कीमत तय की गई है।

चुनाव में की गई थी मुफ्त वैक्सीन की घोषणा

चुनाव के दौरान एनडीए ने घोषणा की थी कि सरकार में आने के बाद लोगों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो नीतीश कैबिनेट ने बिहार के प्रत्येक नागरिक को मुक्त में कोविड-19 का वैक्सीन लगाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। जिसके बाद राज्य सरकार ने यह फैसला किया था कि बिहार में सभी को वैक्सीन मुफ्त में दिया जाएगा।

अब देशभर में कोरोना वैक्सीनेशन का अगला चरण शुरू हो चुका है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कोविड-19 वैक्सीन का पहला डोज़ लेंगे।  गौरतलब है कि 1 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने जन्मदिन पर बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार के इस निर्णय के बाद अब निजी अस्पतालों में भी फ्री में वैक्सीन आसानी से लग सकेगी। इसका सारा खर्चा सरकार स्वयं उठाएगी। इस तरह चुनाव में किया वादा बिहार के मुख्यमंत्री पूरा करना चाहते हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter