शिमला । हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) विधान सभा के बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय (Bandaru Dattatreya) के साथ कुछ विधायकों ने बदसलूकी कर दी। राज्यपाल के साथ कांग्रेस के कुछ विधायकों विधानसभा परिसर में कथित तौर पर हाथापाई पर उतर आए। इसके बाद कांग्रेस के पांच विधायकों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। कांग्रेसी विधायकों के इस आचरण के बाद, ससंदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज द्वारा पेश किए गए विधायकों के निलंबन के प्रस्ताव पर विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार ने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) सहित कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया।
विधायकों ने राज्यपाल को जबरन घेरा
बजट सत्र के पहले दिन सबसे पहले राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा किया। सदन से रवानगी के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) के साथ वो जैसे ही अपनी कारों के काफिले की तरफ बढ़े, तभी विपक्ष के कुछ सदस्यों ने उन्हें स्पीकर के चैंबर के सामने घेरकर रोकने की कोशिश की। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों की यह कार्रवाई कानून के खिलाफ है। सदन में जिस समय कांग्रेस के 5 विधायकों को निलंबित किया गया, तब वहां कांग्रेस का कोई विधायक मौजूद नहीं था।
सीएम ने कहा कि विपक्ष मंे हार की हताशा
विधान सभा में हंगामे के चलते सदन की कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। संसदीय कार्यवाही मंत्री भारद्वाज ने निलंबन का प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर ने हाथापाई को ‘राज्यपाल पर हमला’ करार दिया है। भारद्वाज ने कहा कि यह हाल ही में पंचायत चुनाव में पार्टी की हार के बाद कांग्रेस विधायकों की हताशा दर्शाता है।
पांच कांग्रेसी विधायकों पर गिरी गाज
विधान सभा सत्र शुरू होते ही सुबह 11 बजे सदन में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में कांग्रेसी विधायक अपनी सीट से खड़े हुए और नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच, राज्यपाल ने अभिभाषण की केवल आखिरी पंक्ति पढ़ी और कहाकि बाकी का भाषण पढ़ा हुआ माना लिया गया। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया, अभिभाषण ‘झूठ का पुलिंदा’ है। रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी जैसे मुद्दों को अभिभाषण में शामिल नहीं किया गया। असंसदीय रवैए के आरोप में विपक्ष के पांच विधायक निलंबित कर दिए गए। जिनमें मुकेश अग्निहोत्री के अलावा कांग्रेस विधायक हर्ष वर्धन चौहान, सुंदर सिंह ठाकुर, सत्पाल रायजादा और विनय कुमार को निलंबित किया गया है।


