बाजार में युवक ने बेधड़क कट्टा लहराकर दिखाई रंगबाजी : हवाई फायर कर फैलाई दहशत, दुकानदार चुपचाप देखते रहे नजारा

Datia news : दतिया। तलैया मोहल्ले में बीच बाजार दिनदहाड़े नकाबपोश युवक ने कट्टे से फायरिंग कर आसपास दहशत फैला दी। फायरिंग के बाद युवक ने कट्टा अपने साथ पीछे तीन बाइकों पर खड़े साथियों को थमाया और आगे बढ़ गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसके अगले दिन बुधवार को इसके वीडियो वायरल होने लगे।

आसपास के लोगों के मुताबिक उक्त युवक बेधड़क बाइकों से बीच सड़क पर रुके और इसके बाद उनमें से एक ने कट्टा हाथ में लिया और हवाई फायर करना शुरू कर दिए। युवक की इस हरकत को देखकर बाजार के दुकानदार सकते में आ गए लेकिन खामोश रहे।

फिलहाल इस वीडियो को लेकर कोतवाली पुलिस की ओर से जांच किए जाने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा ली जाएगी। जिसके बाद कार्रवाई होगी।

दुकानदार दहशत में : नगर के बीच बाजार में दिनदहाड़े इस तरह की घटना से आसपास के दुकानदार दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त युवक किसी की तलाश में वहां आए थे। जहां दहशत फैलाने की नियत से उन्होंने फायर किए और चले गए।

उक्त लोग आपराधिक किस्म के बताए जाते हैं। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान सड़क किनारे की दुकानें खुली थीं। जिन पर बैठे दुकानदार चुपचाप यह नजारा देखते रहे।

वहीं वीडियो में नजर आ रहा है कि सामने से आ रहे दो पहिया वाहन चालक भी युवक को कट्टे से फायरिंग करते देख अपना वाहन मोड़कर रास्ता बदलकर निकल गए। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में जांच करने की बात कही जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter