नए व्यापंम घोटाले में पेपर लीक होने पर कांग्रेस पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव ने सरकार पर साधा निशाना, बोले 2023 में बनेगी कांग्रेस की सरकार

Datia News : दतिया। प्रदेश में व्यापंम का बड़ा घोटाला हुआ है। सरकार भी इसमें कहीं ना कहीं शामिल है। व्यापंम आरोपितों पर कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कांग्रेस ने बार-बार मांग की है कि इस मामले की सीबीआई से जांच करवाई जाए। यह आरोप मप्र कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने मंगलवार को दतिया प्रवास के दौरान पत्रकारों के सवालों का जबाब देते हुए लगाए।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि व्यापंम वर्ग 3 के पेपर लीक में बड़ा खुलासा हुआ था। यादव ने आरोप लगाया कि सागर स्थित कालेज में व्यापंम घोटाले की नींव रखी गई थी।

इस महाघोटाले में लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया। इसमें कथित तौर पर एक मंत्री पुत्र का भी हाथ है। इस घोटाले की सीबीआई जांच के साथ जो भी संलिप्त हो उनके विरुद्ध कार्रवाई होना चाहिए।

कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव ने कहाकि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। हम आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी में जुट हुए हैं और निश्चित रूप से 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दतिया जिला कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहाकि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन ठीक चल रहा है। दतिया जिले की तीनों विधानसभा सीटें हम जीतेंगे।

मंगलवार को अरुण यादव एक दिवसीय दतिया पर आए पहुंचे थे। जहां उन्होंने मां पीतांबरा पीठ मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। मंदिर िस्थत वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद वह पूर्व विधायक स्वर्गीय शिवचरण पाठक के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे।

यादव ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के निवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने मंडल सेक्टर कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की नसीहत दी।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने यादव का स्वागत किया। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष यादव के प्रवास के दौरान सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, चंदन सिंह बाबूजी, ठाकुरदास वकील, सरनाम सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, प्रीतम मित्र, नाहर सिंह यादव, नारायन बाबूजी,

अनूप पाठक, रज्जन, कांग्रेस युवा नेता केशव सिंह यादव, डा.टीके धर, सूर्यप्रताप परमार, अमरीश बाल्मीक, रामकुमार मोंगिया सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter