भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और खेतों में दिन-रात मेहनत कर अन्न उपजाने वाले किसानों के सम्मान के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने खरगोन जिले के बेड़िया में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में यह बातें कहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नर्मदा घाटी विकास विभाग की अम्बा-रोडिया माइक्रो उदवहन सिंचाई योजना समेत 266 करोड़ रुपए की लागत के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
लाड़ली बहनों के लिए दीवाली पर बड़ी सौगात : मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की लाड़ली बहनों को दीवाली से हर माह 1500 रुपए की नियमित राशि दी जाएगी, जो धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपए प्रति माह तक की जाएगी। साथ ही रक्षाबंधन पर 250 रुपए की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी। गरीबों के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाएं भी जारी रहेंगी।
बेड़िया मंडी और सड़क विकास को मिलेगा बूस्ट : बेड़िया मिर्च मंडी के विकास के लिए 65 करोड़ रुपए, खनगांव-खेड़ीखुर्द मार्ग पर पुल निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, बांसवा-घोसला मार्ग पर पुल के लिए 6 करोड़ रुपए, भीकनगांव से झिरन्या तक सड़क निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपए, तथा बायपास निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई। साथ ही बेड़िया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा और बड़वाह में 100 बिस्तर का अस्पताल बनेगा।
कर्मचारियों के प्रमोशन से खुलेंगे 2 लाख पद : मुख्यमंत्री ने बताया कि शासकीय सेवकों के प्रमोशन का रास्ता साफ कर दिया गया है, जिससे 2 लाख पद रिक्त होंगे और युवाओं को नौकरी के नए अवसर मिलेंगे। महिलाओं को शासकीय सेवाओं और आने वाले समय में लोकसभा-विधानसभा में भी 33% आरक्षण दिया जाएगा।
राम पथ गमन मार्ग और पर्यावरण संरक्षण पर जोर : मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 19 धार्मिक स्थलों पर शराब बिक्री बंद करने और खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने की घोषणा की। भगवान राम के पदचिन्हों पर राम पथ गमन मार्ग बनाया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
