राजगढ़ में करेंसी एक्सचेंज के नाम पर ₹5 लाख की ठगी का पर्दाफाश : महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से दबोचा !

राजगढ़/भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के दम पर करेंसी एक्सचेंज का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र में एक महिला और दो पुरुषों द्वारा रची गई ₹5 लाख की ठगी की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी गई राशि में से ₹2 लाख 40 हजार की नकदी बरामद कर ली है।

मंडी परिसर में दिया था वारदात को अंजाम : मामले के अनुसार, 25 अगस्त को सारंगपुर निवासी फरियादी ने थाना पचोर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि पचोर कृषि उपज मंडी में एक महिला और उसके दो पुरुष साथियों ने नोट बदलने (करेंसी एक्सचेंज) का प्रलोभन देकर छल-कपट से उससे ₹5 लाख ऐंठ लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता : एसपी अमित तोलानी के निर्देशन, एएसपी के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सारंगपुर अरविंद सिंह के सुपरविजन में पचोर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मंडी परिसर तथा आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्धों का रूट मैप तैयार किया गया।

घेराबंदी कर दबोचे आरोपी, शेष रकम की बरामदगी के प्रयास : मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ठगी गई रकम में से ₹2,40,000 नकद जब्त किए गए। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि धोखाधड़ी की शेष राशि बरामद की जा सके और इस गिरोह द्वारा अन्य क्षेत्रों में की गई वारदातों की कड़ियां भी जोड़ी जा सकें।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter