स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, एसएएफ मैदान पर फाइनल रिहर्सल पूरी; विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे ध्वजारोहण

ग्वालियर | जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय तरीके से मनाने की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। मुख्य समारोह 15 अगस्त को कम्पू स्थित एसएएफ मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।

समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को एसएएफ मैदान में फुल ड्रेस एवं फाइनल रिहर्सल कराई गई। इस दौरान निर्धारित कार्यक्रमों को तय समय और प्रोटोकॉल के अनुसार दोहराया गया। संयुक्त परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और समारोह से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने जायजा लिया।

रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद, अनिल बनवारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर, एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

मुख्यमंत्री के संदेश का होगा सीधा प्रसारण : 15 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 9:25 से 9:55 बजे तक प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन करेंगे। मुख्यमंत्री का यह संदेश ग्वालियर के एसएएफ मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में भी सीधे प्रसारित किया जाएगा।

इसके लिए समारोह स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि मौजूद लोग मुख्यमंत्री का संदेश सुन और देख सकें। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर जिले के लिए अपना संक्षिप्त संदेश देंगे।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण : मुख्य समारोह में संयुक्त परेड के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। फाइनल रिहर्सल के दौरान सभी कार्यक्रमों का निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पूर्वाभ्यास कराया गया, ताकि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य आयोजन व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और शेष व्यवस्थाओं को भी आयोजन से पहले अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter