कोविड-19 : देश में संक्रमण के 11,271 नए मामले, 285 मरीज़ों की मौत,सक्रिय मामलों की संख्या 522 दिनों में सबसे कम

नई दिल्ली :  देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 11,271 नए मामले सामने आने के बाद रविवार को संक्रमितों की कुल संख्या 3,44,37,307 हो गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घटकर 1,35,918 हो गई है जो पिछले 522 दिनों (17 महीनों) में सबसे कम है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक देश में इस अवधि में 285 मरीजों की मौत होने से महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4,63,530 हो गई है। कोरोना वायरस संक्रमण के नये मामलों में दैनिक वृद्धि लगातार 37 दिनों से 20,000 से नीचे है और यह 140 दिनों से 50,000 से कम बनी हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,35,918 है जो कुल संक्रमितों की संख्या का 0.39 प्रतिशत है और यह मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.26 प्रतिशत दर्ज की गई है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है।

पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 390 की कमी दर्ज की गई। दैनिक संक्रमण दर 0.90 प्रतिशत है। यह पिछले 41 दिनों से दो प्रतिशत से नीचे है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी 1.01 प्रतिशत दर्ज की गई जो पिछले 51 दिनों से दो प्रतिशत से कम है। बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3,38,37,859 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.35 प्रतिशत है।देश में राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 112.01 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।

देश में संक्रमितों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

पिछले 24 घंटो में जिन 285 मरीजों की कोविड-19 से मौत हुई है उनमें 174 केरल से और 49 महाराष्ट्र से हैं। केरल में पिछले कुछ दिनों में मृतक संख्या में सुधार हो रहा है, हालांकि राज्य में यह अब भी अधिक बना हुआ है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अब तक कुल 4,63,530 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र के 1,40,565, कर्नाटक के 38,143, तमिलनाडु के 36,273, केरल के 35,685, दिल्ली के 25,093, उत्तर प्रदेश के 22,909 और पश्चिम बंगाल के 19,307 लोग शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

Written & Source Credit By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!