झोलाछाप डाक्टर के उपचार से गई मासूम की जान : स्वजन ने लगाए आरोप, इधर मां-बेटों पर हुआ हमला

Datia News : दतिया । पंडोखर में एक झोलाछाप डाक्टर के उपचार से एक मासूम की जान चली गई। यह आरोप मृत बच्चे के स्वजन ने लगाए हैं। लेकिन फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है। जानकारी के अनुसार पंडोखर निवासी ब्रजेश राजपूत के 14 माह के लड़के देवांशु को बुखार और खुजली की समस्या थी।

उन्होंने बेटे को गांव में क्लीनिक चलाने वाले डाक्टर पाल को दिखाया। जिसने उपचार कर मासूम को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की हालत और बिगड़ गई। बच्चे की हालत बिगड़ती देख स्वजन भांडेर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने बच्चे की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में उपचार करने वाला डाक्टर घटना के बाद से फरार बताया जाता है। वहीं इस मामले में पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत ने बताया कि अभी तक इस मामले को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। कोई शिकायत प्राप्त होगी तो जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

मां-बेटों की मारपीट, 5 लोगों पर मामला दर्ज : इधर गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में जमीनी विवाद के लेकर बुधवार को चार लोगों ने मां बेटों की मारपीट कर दी। इस घटना में महिला सहित उसके 3 बेटे घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट गोराघाट थाने में दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ी निवासी अमर सिंह कुशवाहा ने बताया कि जब वह खेत से काम कर अपने भाई परमानंद और धर्मेंद्र के साथ घर लौट रहा था। तभी जमीनी विवाद को लेकर गांव के ही आरोपित आशाराम कुशवाहा, राहुल कुशवाहा, रविंद्र कुशवाहा, अमर सिंह, अशोक कुशवाहा ने उन्हें रोक लिया।

मुंहवाद के बाद उक्त लोगों ने लाठी डंडों से उनकी मारपीट शुरू कर दी। जब यह खबर महिला रामश्री को लगी तो वह अपने बेटों को बचाने पहुंची। जहां बीच-बचाव के दौरान आरोपितों ने उसकी भी मारपीट कर दी। मां-बेटों को घायल कर आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!