Datia News : दतिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर भर में आयोजन हुए। इस दौरान जहां नारी शक्ति का सम्मान हुआ वहीं जिले की 180 महिला पुलिस कर्मियों ने सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभालने का दायित्व निभाया।
इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन के साथ ही उल्लंघन करने वाले युवाओं को कान पकड़वाकर उठक-बैठक भी लगवाई। यातायात व्यवस्था का दायित्व निभाकर महिला पुलिस कर्मियों ने एक अलग ही छाप छोड़ी।
यह संभवता पहला मौका था जब एक साथ शहर के हर ट्रेफिक प्वाइंट पर महिला पुलिस कर्मी मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था संभालती नजर आई।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह कदम उठाया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं को सम्पूर्ण जिले में यातायात व्यवस्था की कमान सौंपी गई।
दतिया शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था की कमान महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा संभालने के साथ ही यातायात जागरुकता के पेम्पलेट वितरित किए गए।
सम्पूर्ण यातायात व्यवस्था में दतिया जिले की समस्त महिला पुलिस कर्मियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग का महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक अभिनव प्रयास रहा।
महिला पुलिस कर्मियों को देख चौंक गए लोग
शहर में अक्सर ट्रेफिक व्यवस्था यातायात पुलिस संभालती है। लेकिन मंगलवार को जब चौराहों पर महिला पुलिस कर्मियों की टीम व्यवस्था संभालती दिखी तो आमजन चाैंक गए।
दतिया शहर के अंतर्गत किला चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सूबेदार नीलिमा गुर्जर, पटवा तिराहे पर उनि श्रद्धाराजा चौहान, टाउनहाल पर उनि प्रियंका यादव, राजगढ़ चौराहे पर उनि कृष्णा शर्मा, बमबम महादेव पर उनि कौशल्या भगत, झांसी चुंगी पर उनि अर्चना पाल द्वारा संभाली गई। इसी प्रकार हजरत शाह की दरगाह, तिगैलिया, भैरव मंदिर, थाना भगुवापुरा, थाना चिरूला, थाना इंदरगढ़, थाना उनाव, थाना सेवढ़ा, थाना भांडेर, थाना बड़ौनी,
थाना बसई, थाना गोराघाट, थाना जिगना पर महिला पुलिस आरक्षकों द्वारा यातायात व्यवस्था संभाली गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी हुई। साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरुकता को लेकर वाहन चालकों को समझाईश भी दी गई।


