दतिया । 7 साल से फरार चल रहा 21 हजार रुपये के इनामी अंतर्राज्यीय कुख्यात बदमाश कल्ला पुत्र हरनाम यादव निवासी ग्राम नुनवाहा हाल मुकाम ग्राम निचरौली को गिरफ्तार करने में पंडोखर तथा बड़ौनी पुलिस को सफलता मिली है। इस सफलता से अन्य कई वारदातों का पर्दाफाश होने की उम्मीद पुलिस को है।
एसपी अमनसिंह राठौड ने बताया कि पिछले सात सालों से फरार कुख्यात बदमाश कल्ला यादव हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट जैसे एक दर्जन अपराधियों में वांटेड चल रहा था। रविवार को पंडोखर थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह गुर्जर को मुखबिर सूचना मिली कि बदमाश कल्ला यादव थाना पंडोखर के ग्राम सकतपुरा शीतला माता मंदिर के पास आया हुआ है। इस सूचना पर एसपी ने तत्काल एएसपी कमल मौर्य एवं एसडीओपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित की।
जिसमें थाना प्रभारी पंडोखर यादवेंद्र सिंह गुर्जर व बड़ौनी थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ् संयुक्त दविश दी। बदमाश की चारों तरफ से घेराबंदी सकतपुरा शीतला माता मंदिर जंगल से गिरफ्तारी कर ली गई। उसके कब्जे से एक 315 बोर की सिंगल शॉट राइफल, एक विंडोरिया में 15 जिंदा राउंड 315 बोर के, 32 बोर की देसी पिस्टल व उसके साथ जिंदा राउंड बरामद किए गए।
बता दें कि अपराधी कल्ला यादव एक दर्जन कई गंभीर अपराधों में वांटेड चल रहा था। उस पर उत्तर प्रदेश के थाना रक्सा जिला झांसी तथा मप्र के थाना जिगना, थाना सिविल लाइन, थाना कोतवाली, थाना सिनावल तथा थाना दिनारा जिला शिवपुरी में दर्जनों अपराध पंजीबद्ध है। बदमाश कल्ला पर दतिया व शिवपुरी जिले से कुल 21 हजार का इनाम घोषित था।

