IPL 2021: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का दूसरे चरण में खेलने का रास्ता साफ, सीए ने दी एनओसी

मेलबर्न : क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने देश के शीर्ष खिलाड़ियों को टी-20 विश्व कप से पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाली आइपीएल में भाग लेने के लिए अनापत्ति पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है।

क्रिकेट डाट एयू डाट काम में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, सीए ने खिलाड़ियों के लिए अगले महीने शुरू होने वाले आइपीएल में खेलने के लिए रास्ता साफ कर दिया है जिसे भारत में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण मई में स्थगित कर दिया गया था। आइपीएल के बचे हुए 36 मैच 27 दिन के अंदर 19 सितंबर से 15 अक्टूबर तक यूएई में खेले जाएंगे और यह टूर्नामेंट टी-20 विश्व कप शुरू होने से दो दिन पहले ही खत्म होगा।

इस रिपोर्ट के अनुसार अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ जिस टी-20 त्रिकोणीय सीरीज की योजना बनाई गई थी, उसका टी-20 विश्व कप के अभ्यास मैचों के तौर पर फिर से प्रस्ताव किया जा सकता है। सीए ने खिलाड़ियों को अनापत्ति पत्र तब दिया जब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज को स्थगित करने की पुष्टि की।

यह सीरीज टी-20 विश्व कप से पहले भारत में होनी थी। वेस्टइंडीज के साथ एक टी-20 त्रिकोणीय सीरीज भी इन तीनों टीमों के लिए विश्व कप की तैयारियों का अहम हिस्सा होती और अफगानिस्तान बोर्ड के अधिकारी इसकी मेजबानी के लिए स्थल हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

आइपीएल के इस साल के शुरुआती चरण में भाग लेने वाले डेविड वार्नर, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, झाई रिचर्डसन, केन रिचर्डसन और डेनियल सैम्स जैसे खिलाड़ियों के अब इस लुभावनी टी-20 लीग में वापसी की उम्मीद है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter