नर्मदा के संरक्षण-संवर्धन में सरकार के साथ समाज भी आगे आये – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से की अपील !

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नर्मदा अविरल कल-कल छल-छल बहती रहे, इसके लिए जरूरी है कि नर्मदा के दोनों तट और कैचमेंट एरिया में अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाए। साथ ही नर्मदा तट के किसान अपने खेतों में फलदार पेड़ लगाये। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि नर्मदा के पावन जल को दूषित होने से रोकने के लिए मल एवं गंदगी को नर्मदा में जाने से रोकना होगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा के कैचमेंट एरिया में जहाँ भी यूकेलिप्टस के पेड़ लगे होंगे, हमें उन्हें हटाना होगा। यूकेलिप्टस पानी को अवशोषित कर धरती को बंजर बना देता है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि साल के पेड़ अधिक से अधिक लगाए जाएंगे, क्योंकि ये अपनी जड़ों से पानी छोड़ते हैं, जो छोटी-छोटी धाराओं के रूप में नर्मदा में मिलता है और नर्मदा की धार को अविरल बनाता है। उन्होंने कहा कि नर्मदा का संरक्षण और संवर्धन अकेले सरकार नहीं कर सकती है, इसके लिए समाज को मिलकर काम करना होगा।

मुख्यमंत्री चौहान महामंडलेश्वर  ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के नेतृत्व में नर्मदा परिक्रमा यात्रा के समापन पर सीहोर जिले के नर्मदा आंवलीघाट में नर्मदा सेवा मिशन के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नर्मदा परिक्रमा में 182 यात्रियों द्वारा 3445 किलोमीटर की यात्रा 165 दिन में पूरी की गई। परिक्रमा का संयोजन  तपन भौमिक ने किया।

हरियाली अमावस्या पर पेड़ लगाने का अभियान

मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि आगामी हरियाली अमावस्या पर पेड़ लगाने का अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान से पूरे समाज को जोड़ कर एक माह तक अधिक से अधिक पेड़ लगाए लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद पेड़ लगाने के स्थान और पेड़ की प्रजातियाँ निर्धारित करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने उपस्थित जन को पर्यावरण-संरक्षण के लिये अधिक से अधिक पेड़ लगाने और नर्मदा में गंदगी नहीं डालने का संकल्प भी दिलाया।

नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में अब निर्माण की अनुमति नहीं

 मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के मैकल पर्वत पर किसी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। अमरकंटक आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्वत के नीचे होटल, रेस्टोरेंट आदि के लिए अनुमति रहेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों से अपील की कि वे नरवाई न जलाये। नरवाई जलाने से धरती की उर्वरता नष्ट होती है। कीटनाशकों का अत्यधिक प्रयोग मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि किसान प्राकृतिक खेती अपनाये, शुरूआती दौर में वे कम भूमि पर प्राकृतिक खेती करें।

मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों को गाय पालन के लिये प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें प्राकृतिक खेती में बड़ी मदद मिलेगी और सरकार की ओर से हर माह 900 रूपए गाय पालन के लिये दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अमृत सरोवर योजना में नर्मदा के दोनों और अधिक से अधिक तालाब बनाना होंगे। इससे भू-जल स्तर बढ़ेगा। मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा से लोगों में जागरूकता आएगी, जो नर्मदा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उपयोगी साबित होगी।

सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  वी.डी. शर्मा ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा जन-जागरण के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे लोगों को माँ नर्मदा के प्रति आस्था एवं उसके संरक्षण तथा संवर्धन की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माँ नर्मदा के संरक्षण और संवर्धन के लिए अपने स्तर पर कार्य कर रही है, लेकिन इससे लोगों और समाज का जुड़ना जरूरी है।

नर्मदा परिक्रमा यात्रा के प्रमुख महामंडलेश्वर   ईश्वरानंद उत्तम स्वामी ने कहा कि 165 दिन की यात्रा का अनुभव बहुत अद्भुत रहा है।इसे कम समय में व्यक्त करना संभव नहीं है। नर्मदा परिक्रमा से समाज में चेतना का संचार हुआ है, जो यात्रा के दौरान ही दिखाई दे रहा था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter